Coronavirus News Update: धनबाद अब भी रेड जोन में, संक्रमण दर 1 फीसद से ऊपर
झारखंड में 11 से 17 जनवरी तक कुल 869 नए संक्रमित मिले। संक्रमण की दर 0.89 फीसद रही जबकि पूरे देश में यह दर 1.18 फीसद रही। पूरे देश में नौ राज्य व केंद्र शासित प्रदेश ही ऐसे हैं जहां इस दौरान झारखंड से भी कम संक्रमण दर रही।
धनबाद/ रांची, जेएनएन। कोरोना वायरस से परेशान लोगों के लिए राहत की बात है कि अब इसके खात्मे के लिए टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। 16 जनवरी को राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत धनबाद के दो केंद्रों पर टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। लेकिन धनबाद में अब भी कोरोना चिंता का विषय है। यहां संक्रमण का दर एक फीसद से ऊपर है। झारखंड में अब सिर्फ दो ही जिले हैं जहां संक्रमण का दर ज्यादा है। इन जिलों में धनबाद के अलावा राजधानी रांची है।
कोरोना संक्रमण के लिहाज से पिछला सप्ताह (11-17 जनवरी) झारखंड के लिए बेहतर रहा। इस सप्ताह जहां राज्य के 48 केंद्रों पर कोरोना टीकाकरण की सफल शुरुआत हुई, वहीं राज्य में कोरोना संक्रमण की दर में भी काफी कमी आई है। झारखंड में चार सप्ताह बाद कोरोना संक्रमण की साप्ताहिक संक्रमण दर एक फीसद से कम हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य में पिछले सप्ताह कोरोना संक्रमण की दर महज 0.89 फीसद रही। इससे पहले लगातार चार सप्ताह तक राज्य में संक्रमण की दर एक फीसद से अधिक रही थी।
झारखंड में 11 से 17 जनवरी तक कुल 869 नए संक्रमित मिले। जांच के अनुसार, संक्रमण की दर 0.89 फीसद रही, जबकि पूरे देश में यह दर 1.18 फीसद रही। पूरे देश में नौ राज्य व केंद्र शासित प्रदेश ही ऐसे हैं जहां इस दौरान झारखंड से भी कम संक्रमण दर रही। इनमें ओडिशा, कर्नाटक, मिजोरम, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर, बिहार तथा असम शामिल हैं। पिछले सप्ताह रांची में भी संक्रमण दर में आंशिक कमी आई है। अब राज्य के दो ही जिले रांची और धनबाद में कोरोना संक्रमण की दर एक फीसद से अधिक है। ये दोनों जिले रेड जोन में हैं। अन्य सभी जिलों में यह दर एक फीसद से कम है। राहत की बड़ी बात यह है कि पिछले सप्ताह राज्य में महज तीन कोरोना मरीज की मौत हुई। इस दौरान रांची, बोकारो तथा पूर्वी ङ्क्षसहभूम में एक-एक मरीज की मौत हुई।
साप्ताहिक संक्रमण दर (आंकड़े प्रतिशत में)
- सप्ताह - रांची - झारखंड
- 7-13 दिसंबर 3.84 0.77
- 14-10 दिसंबर 4.50 1.15
- 21-27 दिसंबर 4.22 1.14
- 28 दिसंबर-3 जनवरी 6.10 1.23
- 4-10 जनवरी 6.91 1.18
- 11-17 जनवरी 6.07 0.89
झारखंड में पिछले पांच सप्ताह में हुई मौत
- सप्ताह मौत
- 21-27 दिसंबर : 09
- 28 दिसंबर-3 जनवरी : 16
- 4-10 जनवरी : 12
- 11-17 जनवरी 03
धनबाद में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 7500 से ऊपर पहुंची
धनबाद जिले में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिले में कोरोना वायरस की रिकवरी रेट की बात करें, तो अब तक 97.78 प्रतिशत लोगों ने संक्रमण से जंग जीती है। इसके साथ ही जिले में संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 7505 ऊपर हो गई है। जिले में अब तक कुल 7675 लोग संक्रमित हुए हैं। जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग के पदाधिकारी डॉक्टर राजकुमार की मानें धनबाद में रिकवरी रेट तेजी से बढ़ रही है। हालांकि अभी भी संक्रमण के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ इलाके में कोविड नियमों का पालन करें।
जिले में कोरना से मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत
इसके साथ ही जिले में कोरोना वायरस से मौत की प्रतिशत भी कम हो रही है। अभी मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत पहुंच गई है। जिले में अब तक कुल 109 लोगों ने कोरोना वायरस के कारण अपनी जान गवाई है। इसमें लगभग 50 प्रतिशत वैसे मरीज है जो दूसरी अन्य गंभीर बीमारियों से भी ग्रसित थे।
सक्रिय मरीजों की संख्या पहली बार 60 पहुंची
राहत की बात यह है कि जिले में कोरोना वायरस के सक्रिय मरीजों की संख्या में भी कमी आई है। कुल 60 मरीज एक्टिव हैं। नए मरीजों में पिछले 3 दिनों में काफी कमी आई है।
तोपचांची और टुंडी में चल रहा टीकाकरण
कोरोना वैक्सीन को लेकर तोपचांची और टुंडी में टीकाकरण चल रहा है। आज टीकाकरण का तीसरा दिन है। हालांकि लक्ष्य के अनुसार लोगों की उपस्थिति कम हो रही है। इसे लेकर विभाग लोगों को जागरुक कर रहा है।