धनबाद की 'एंबुलेंस ट्रेन' अलेप्पी एक्सप्रेस अब तिरुअनंतपुरम तक चलेगी, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी मंजूरी
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस को तिरुअनंतपुरम नार्थ तक विस्तारित करने की मंजूरी दे दी है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस का तिरुअनंतपुरम तक विस्तार मंजूर।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद ढुलू महतो को दी जानकारी।
धनबाद से तिरुअनंतपुरम तक की यह पहली सीधी ट्रेन।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद की एंबुलेंस ट्रेन अलेप्पी एक्सप्रेस जल्द ही केरल की राजधानी तिरुअनंतपुरम तक चलेगी।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद ढुलू महतो को पत्र भेज कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस को तिरुअनंतपुरम नार्थ तक विस्तार की स्वीकृति प्रदान की गई है।
जल्द ही इस ट्रेन के तिरुअनंतपुरम तक विस्तार की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। विस्तार के साथ ही धनबाद से तिरुअनंतपुरम तक जाने वाली यह पहली ट्रेन होगी।
इससे पहले केरल भाजपा ने एक्स पर इस ट्रेन के तिरुअनंतपुरम तक विस्तार की सूचना जारी की थी। अब रेलमंत्री ने इस पर मुहर लगा दी है।
85 स्टेशन पर ठहराव, अनावश्यक ठहराव कम कर स्पीड बढ़ाने की सिफारिश
2530 किमी की दूरी तय करने वाली धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस 85 स्टेशन पर ठहरती है। अनावश्यक ठहराव की समीक्षा कर उन्हें हटाने और स्पीड बढ़ाने पर विचार किया जाना चाहिए।
धनबाद की ट्रेन ग्रुप ने रेलमंत्री और सांसद से इसकी सिफारिश की है। ग्रुप सदस्यों ने ट्रेन के तिरुअनंतपुरम तक विस्तार के निर्णय का स्वागत के साथ ही यह सुझाव भी दिया है कि अनावश्यक ठहराव कम किये जाने से यात्रा अवधि कम होगी, समय पालन बेहतर हो सकेगी और परिचालन में भी सुधार संभव होगा।
गति बढ़ने से इलाज कराने वेल्लूर जाने वाले मरीज कुछ पहले पहुंच सकेंगे।
यह भी पढ़ें- झारखंड-ओडिशा के बीच चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन, 19 स्टेशनों पर स्टॉपेज; राष्ट्रपति दिखाएंगी हरी झंडी
ट्रेन के विस्तार से बड़ा फायदा होगा। धनबाद समेत पूरे झारखंड से केरल की राजधानी तिरुअनंतपुरम तक सीधी ट्रेन मिल जाएगी। उम्मीद है कि शीघ्र इसकी तिथि की घोषणा हाेगी।
ढुलू महतो, सांसद
