धनबाद में मशहूर एडवोकेट का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, हादसा या मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
धनबाद में हीरापुर प्रोफेसर कॉलोनी निवासी अधिवक्ता आदित्य केसरी का शव विनोद नगर रेलवे लाइन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में ...और पढ़ें

धनबाद में मशहूर एडवोकेट का रेलवे ट्रैक पर मिला शव
HighLights
धनबाद में अधिवक्ता आदित्य केसरी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच कर रही है।
अधिवक्ता समुदाय में इस दुखद घटना से शोक की लहर।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद में रविवार की सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जहां धनबाद थाना क्षेत्र के हीरापुर प्रोफेसर कॉलोनी निवासी अधिवक्ता आदित्य केसरी का शव विनोद नगर स्थित रेलवे लाइन के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया।
शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आदित्य केसरी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और धनबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
आदित्य केसरी एक प्रतिष्ठित अधिवक्ता परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता भी वकालत के पेशे से जुड़े हुए थे, जिनका पूर्व में निधन हो चुका है। उनके बड़े भाई भी धनबाद के जाने-माने अधिवक्ताओं में शामिल हैं।
वहीं, उनकी पत्नी भी पिछले डेढ़ वर्षों से वकालत के पेशे में सक्रिय हैं। ऐसे में परिवार के एक सदस्य की असामयिक मौत की खबर से अधिवक्ता जगत में शोक की लहर है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य बिंदुओं के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।