मार्ग पक्कीकरण के लिए महिलाओं ने रोका परियोजना का काम
रास्ते के पक्कीकरण की मांग को लेकर महिलाओं ने परियोजना का काम रोका
संवाद सहयोगी, भौंरा : पूर्वी झरिया क्षेत्र के फोर ए पैच विस्तारीकरण को लेकर जहाजटांड़ बस्ती जानेवाले रास्ते को बंद करने के विरोध में बस्ती की महिलाओं ने शुक्रवार को परियोजना का काम रोक दिया। सुमन देवी, लक्ष्मी देवी, सुमित्रा देवी, रूही देवी, कविता देवी सहित सैकड़ों महिलाओं ने एटीदेव प्रभा आउटसोíसंग कंपनी का घंटों काम नहीं होने दिया।
महिलाएं कंपनी की ओर से वैकल्पिक रास्ते का पक्कीकरण करने, खनन के बाद पुराने रास्ते को चालू करने, रात्रि में वैकल्पिक रास्ते की सुरक्षा देने, ग्रामीणों को नियोजन देने, पानी का छिड़काव करने आदि मांगों को लेकर आंदोलन किया। जानकारी पाकर भौंरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। लेकिन महिलाएं नहीं मानी। कंपनी का कार्य करीब पांच घंटे तक ठप रहा। इससे कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ।
मालूम हो पिछले दिनों क्षेत्रीय कार्यालय में जीएम चंदन भट्टाचार्य से भाजपा नेत्री रागिनी सिंह, पार्षद चंदन महतो व ग्रामीणों ने इन्हीं मांगों को लेकर वार्ता की थी। वार्ता में उपरोक्त सभी मुद्दों पर प्रबंधन ने सहमति जताते हुए वैकल्पिक रास्ते को पक्कीकरण करने के लेकर एक करोड़ छह लाख रुपये की नोटसीट बनाकर मुख्यालय भेजा है। परंतु महिलाए अपनी मांगों पर अड़ी हुई हैं।