नदीम चुने गए क्रिकेटर ऑफ द ईयर, डीसीए के वार्षिक समारोह में होंगे सम्मानित Dhanbad News
सत्र 2018-19 में कई ऐसे मौके रहे जिससे धनबाद गौरवान्वित हुआ। पहली बार धनबाद का खिलाड़ी शाहबाज नदीम भारतीय टी-20 टीम के लिए चुने गए। डीसीए ने नदीम को क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद क्रिकेट संघ का वार्षिक समारोह 22 जून को सिंफर सभागार में होगा। झारखंड हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह इसमें मुख्य अतिथि होंगे। डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार ने क्रिकेट सत्र 2018-19 के समापन पर रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डीसीए के वार्षिक समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से कई नामचीन हस्तियां अतिथि होते रहे हैं। इस बाद झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति मुख्य अतिथि होंगे। समारोह की तैयारी में डीसीए के सारे पदाधिकारी जुटे हुए हैं।
सत्र 2018-19 में कई ऐसे मौके रहे जिससे धनबाद गौरवान्वित हुआ। पहली बार धनबाद का खिलाड़ी शाहबाज नदीम भारतीय टी-20 टीम के लिए चुने गए। डीसीए ने नदीम को क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना है। इस साल पहली बार धनबाद ने जेएससीए अंडर 19 महिला क्रिकेट का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा धनबाद की अंडर 14 और अंडर19 टीम स्टेट में उपविजेता रही। इस सत्र में कुल मिलाकर हमने 546 मैच आयोजित किए। केवल घरेलू क्रिकेट के 450 मैच खेले हुए। मौके पर डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष उत्तम विश्वास, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार के अलावा अरविंद महता, द्वारिका तिवारी, इंद्रजीत सिंह, संजीव राणा, संजय कुमार, महेश गोराई आदि उपस्थित थे।
दुर्गा मुर्मू बनीं महिला क्रिकेट ऑफ द ईयर
इस साल क्रिकेटर ऑफ द ईयर सीनियर में शाहबाज नदीम, जूनियर में मोहित कुमार राय और महिलाओं में दुर्गा कुमारी मुर्मू को चुना गया है। समारोह में इन्हें सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा धनबाद क्रिकेट संघ के पुरोधा रहे इम्तयाज हुसैन, एसए रहमान सीनियर एवं जेएससीए के सचिव रह चुके राजेश वर्मा को लाइफ टाइम एचीवमेंट सम्मान दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप