DCA की नई सदस्यता सूची पर गहराया विवाद, धनबाद मेयर संजीव सिंह के समर्थकों ने उठाए गंभीर सवाल
धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन की नई सदस्यता सूची पर विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें पूर्व सदस्यों ने वरिष्ठ नामों को ...और पढ़ें

धनबाद सर्किट हाउस में मीडिया के सामने अपनी बात रखते डीसीए के विरोधी गुट के संतोष सिंह और अन्य। (फोटो जागरण)
HighLights
डीसीए की नई सदस्यता सूची पर विवाद शुरू हुआ।
पूर्व सदस्यों ने अनियमितताओं और नाम हटाने का आरोप लगाया।
न्याय के लिए अदालत जाने की तैयारी, जेएससीए को सूचित किया।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) की मंगलवार को संपन्न वार्षिक आम बैठक और नई सदस्यता सूची को लेकर विवाद सामने आया है। धनबाद के मेयर संजीव सिंह के समर्थक गुट ने सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर एसोसिएशन की कार्यप्रणाली और नई सदस्यता सूची पर कई सवाल उठाए।
उन्होंने सूची में वरिष्ठ सदस्यों के नाम हटाए जाने और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की। प्रेस वार्ता में संतोष सिंह ने कहा कि वार्षिक आम बैठक के दौरान जारी नई सदस्यता सूची और वार्षिक बुक में कई वरिष्ठ सदस्यों के नाम बिना उचित कारण के हटा दिए गए हैं।
उन्होंने सूची में छपाई की त्रुटियों, पेन से किए गए सुधार और कुछ सदस्यों के नाम गायब होने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी जेएससीए के अध्यक्ष, महासचिव और सचिव को दी गई है। साथ ही जल्द ठोस पहल करने का आग्रह किया गया है।
संतोष सिंह ने कहा कि आम बैठक में सदस्यों को चुन-चुनकर आमंत्रित किया गया। वहीं, डीसीए के पूर्व महासचिव एसए रहमान ने कहा कि पूर्व टेस्ट खिलाड़ी सैयद सबा करीम समेत 16 नए मानद और 27 नए सामान्य सदस्यों को शामिल किया गया है।
उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना किए जाने की बात कही, लेकिन पुराने सदस्यों के नाम सूची से हटाए जाने पर सवाल उठाया। रहमान ने कहा कि सदस्यता सूची में कथित गड़बड़ियों और नाम हटाए जाने के मामले को लेकर वे न्याय के लिए अदालत का रुख करेंगे।
उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। साथ ही बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान डीसीए में 80 से अधिक क्लब थे, जबकि अब क्लबों की संख्या कम हुई है और सदस्यों की संख्या बढ़ी है। कई सदस्य अक्सर बाहर रहते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि डीसीए जिस तरह संगठनात्मक मामलों को लेकर सक्रियता दिखाता है, उसी तरह खिलाड़ियों और क्रिकेट के हित में भी काम करे तो धनबाद क्रिकेट को और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। मौके पर सम्राट चौधरी, महफूज आलम आदि मौजूद थे।
