DCA Vrr
धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की वार्षिक आम बैठक में स्वर्ण जयंती समारोह, रणजी खिलाड़ियों को मानद सदस्यता और काको मैदान के विकास सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

डीसीए की एजीएम को संबोधित करते अध्यक्ष मनोज सिंह। (फोटो साैजन्य)
HighLights
रणजी खिलाड़ियों को मानद सदस्यता देने का निर्णय लिया गया।
डीसीए की स्वर्ण जयंती समारोह के आयोजन की योजना बनी।
काको मैदान में स्थानीय मैचों का आयोजन शुरू होगा।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की मंगलवार को हुई वार्षिक आम बैठक में संघ की स्वर्ण जयंती समारोह के आयोजन, धनबाद का प्रतिनिधित्व करते हुए रणजी खेलने वाले क्रिकेटरों को मानद सदस्यता देने समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। धनबाद क्लब में आयोजित आम बैठक में भाग ले रहे लगभग 160 सदस्यों का महासचिव विनय कुमार सिंह ने स्वागत किया।
अध्यक्ष मनोज कुमार ने सत्र 2025-26 का वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत किया और इस सत्र में डीसीए की उपलब्धियों के बारे में सदस्यों को जानकारी दी। अध्यक्ष ने कहा कि पिछला सत्र हमारा काफी गौरवान्वित करने वाला रहा। जेएससीए की तीन टूर्नामेंटों में धनबाद की टीम विजेता रहीं।
इसके अलावा कोनैन कुरैशी एवं अनंदिता किशोर राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने में सफल रहे। धनबाद की इस सफलता के पीछे योगदान देने वाले सभी खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं, कोच, सपोर्ट स्टाफ उन्होंने प्रबंध समिति की बैठक में कई निर्णयों का सदन से अनुमोदन करने का आग्रह किया जिसपर सदस्यों ने अपनी सहमति दी।
इस सत्र के लिए चुने गए क्रिकेटर आफ द ईयर सीनियर पुरुष में कोनैन कुरैशी व महिला में अनंदिता किशोर एवं जूनियर पुरुष में सिद्धार्थ सिन्हा व महिला में वृष्टि कुमारी के बारे में जानकारी दी और बताया कि इन्हें 27 सितंबर को वेडिंग बेल्स में आयोजित वार्षिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
वहीं पिछले वित्तीय वर्ष का आडिट रिपोर्ट पेश करते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि तुलनात्मक रूप से डीसीए का खर्च काफी बढ़ा है, लेकिन संतोष की बात यह है कि इस वर्ष भी हमारी आर्थिक स्थिति सरप्लस में है। कहा कि काको मैदान के निर्माण में जेएससीए से काफी सहयोग मिला।
इस वर्ष से हमारी योजना यहां स्थानीय मैचों के आयोजन शुरू करना है। कतरास क्षेत्र में हमारा कोई मैदान नहीं है। इसपर अंतिम कार्य के लिए लगभग तीन लाख रुपये खर्च होंगे। सदस्यों ने इस राशि को अप्रूव कर दिया। इसके साथ ही आडिटेड रिपोर्ट को भी स्वीकार कर लिया गया।
आडिटर के तौर पर श्याम पसारी को फिर से नियुक्त करने पर भी सहमति बनी। उन्होंने डीसीए का एप डेवलप किए जाने के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि डीसीए धीरे-धीरे पेपरलेस होने की दिशा में अग्रसर हो रहा है। अभी रजिस्ट्रेशन समेत सारी प्रक्रिया इस एप के माध्यम से आनलाइन किया जा सकेगा।
वहीं प्रबंध समिति की पांच लगातार बैठकों में अनुपस्थिति पर उन्हें निलंबित किए जाने का निर्णय भी लिया गया। अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि जेएससीए का कमान अजयनाथ शाहदेव, सौरभ तिवारी और शाहबाज नदीम के संभालने के बाद काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। 13 वर्ष बाद दलीप ट्राफी में पूर्व क्षेत्र चैंपियन बना है।
यह भी पढ़ें- धनबाद मेयर चुनाव की लड़ाई अब क्रिकेट की राजनीतिक पिच पर, मनोज सिंह और विनय सिंह के खिलाफ संजीव सिंह ने खोला मोर्चा
इसके लिए डीसीए औपचारिक रूप से जेएससीए को एक अप्रेशिएशन लेटर भेजेगा। बैठक को डा. इश्तियाक अहमद एवं इम्तियाज हुसैन ने भी संबोधित किया।
यह भी पढ़ें- मेयर के दबाव में नहीं आएगा धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन, संजीव के सामने अभिषेक सिंह करेंगे बैटिंग
इस अवसर पर वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, एसएन सिंह, वाईएन नरूला, जेके नैयर, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, आशनी सिंह, अभिषेक सिंह, मनोज कुमार सिंह, रविजीत सिंह डांग, संजीव झा, शांतनु चौधरी, जावेद खान, संजीव राणा, द्वारिका तिवारी, राजन सिन्हा व अन्य उपस्थित थे।
