ईसीएल कर्मी के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने 22 बार में उड़ा लिया 21.24 लाख रुपये
निरसा थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी कोल कर्मी रूपलाल मरांडी के बैंक खाते से 21 लाख रुपये उड़ा लिये।
संवाद सहयोगी, निरसा : निरसा थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी कोल कर्मी रूपलाल मरांडी के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने 22 बार में 21 लाख 24 हजार रुपए उड़ा लिए। रूपलाल मरांडी को इसकी जानकारी सोमवार को उस वक्त हुई जब वह अपने बैंक खाते को अपडेट करने इंडियन बैंक निरसा शाखा पहुंचे। रूपलाल मरांडी का कहना है कि ना तो वह एटीएम इस्तेमाल करते हैं ना ही चेक बुक। फिर भी उसके बैंक खाते से रकम कैसे गायब हो गई यह उसे समझ नहीं आ रहा है। इस संबंध में उसने निरसा थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अपनी शिकायत में रूपलाल मरांडी ने कहा है कि उसका बैंक खाता इंडियन बैंक निरसा शाखा में है जिसका खाता नंबर 20990824507 है। उसके खाते से दो अक्टूबर से 24 अक्टूबर के बीच 21 लाख 24 हजार रुपये की अवैध रूप से निकासी कर ली गई है। उसके पास ना तो एटीएम कार्ड है और ना ही चेक बुक है। कभी भी नेट बैंकिग का इस्तेमाल नहीं किया है। किसी को भी अपने खाते का ओटीपी नंबर नहीं दिया है, और ना ही किसी का फोन उसके पास आया है। इसके बावजूद उसके बैंक खाते से इतनी बड़ी राशि की निकासी कैसे हुई यह समझ से परे है। बैंक के अधिकारी भी स्पष्ट रूप से कुछ बताने में असमर्थ हैं। रूपलाल मरांडी ईसीएल मुगमा एरिया हरियाजाम कोलियरी में रूप बोल्टर के पद पर कार्यरत है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।