विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राजा कोलियरी ओसीपी के समीप अवैध कोयला उत्खनन में चाल धंसने से एक की मौत, दो घायल

By JagranEdited By:
Published: Sun, 22 May 2022 06:00 PM (IST)

राजा कोलियरी ओसीपी के समीप रविवार की अहले सुबह चाल धंसने से अवैध उत्खनन कार्य कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई।

राजा कोलियरी ओसीपी के समीप अवैध कोयला उत्खनन में चाल धंसने से एक की मौत, दो घायल
राजा कोलियरी ओसीपी के समीप अवैध कोयला उत्खनन में चाल धंसने से एक की मौत, दो घायल

राजा कोलियरी ओसीपी के समीप अवैध कोयला उत्खनन में चाल धंसने से एक की मौत, दो घायल

निरसा : ईसीएल मुगमा क्षेत्र के राजा कोलियरी ओसीपी के समीप रविवार की अहले सुबह अवैध कोयला उत्खनन स्थल का चाल धंसने से अवैध उत्खनन कार्य कर रहे एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो मजदूर घायल हो गए। अवैध उत्खनन कार्य में लगे अन्य मजदूरों ने आनन-फानन में मृतक व घायलों को अवैध उत्खनन स्थल से निकाल कर ले भागे। घायलों का गुप्त तरीके से इलाज कराया जा रहा है। वहीं मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि ईसीएल प्रबंधन व पुलिस ऐसी किसी भी घटना के घटित होने से इन्कार कर रही है।

यह है मामला :

सूत्रों के अनुसार प्रत्येक दिन की भांति रविवार की अहले सुबह भी अवैध खदान में कोयला काटने के लिए मजदूर उतरे थे। अचानक तेज आवाज के साथ खदान के एक हिस्से का चाल गिर गया। वहां काम कर रहे एक मजदूर चाल गिरने के मलबे में दो मजदूर दब कर घायल हो गए। बगल में काम कर रहे अन्य मजदूर दौड़कर आए तथा सभी को मलवा से निकाला। इस दौरान एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। कोयला चोरों ने आनन-फानन में मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं घायलों का इलाज गुप्त तरीके से करा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रतिदिन राजा कोलियरी ओसीपी व ओसीपी के बगल में स्थित अवैध उत्खनन स्थल में सैकड़ों की संख्या में मजदूर उतरते हैं तथा कोयला काट कर ले जा रहे हैं।

तीन दिन पहले तीन मजदूरों की हुई थी मौत :

मालूम हो कि 19 मई की संध्या निरसा थाना क्षेत्र के पहाड़ी बस्ती स्थित वन विभाग के जंगल में अवैध उत्खनन के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आकर तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। मृतकों में फतेहपुर गांव के संजय हांसदा, सरफुद्दीन अंसारी व भुरकुंडाबाड़ी के खुर्शीद शामिल थे। घटना के दो दिन बाद ही उक्त स्थान पर पुनः अवैध कोयला की कटाई कोयला चोरों ने शुरू कर दिया है।

दो दिन पूर्व एनजीटी द्वारा गठित टीम अवैध उत्खनन स्थलों का लिया था जायजा :

अवैध उत्खनन के दौरान हो रही मजदूरों की मौत के मामले को एनजीटी ने संज्ञान लेते हुए टीम गठित कर अवैध उत्खनन स्थलों की जांच कराई है। 20 मई को ही एनजीटी द्वारा गठित टीम गोपीनाथपुर कोलियरी ओसीपी, कापासारा ओसीपी व डुमरीजोड़ का जायजा लेकर वापस गई है। एनजीटी द्वारा गठित टीम के आने व अवैध उत्खनन स्थलों पर रोक लगाने का निर्देश देने के बावजूद निरसा क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध कोयला उत्खनन का कार्य चल रहा है। मजदूर दो जून की रोटी के इंतजाम में अवैध खदान में जान जोखिम में डालकर उतरते हैं। परंतु कोयला चोरी का सबसे अधिक लाभ सफेदपोश उठा रहें हैं।

ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। अवैध उत्खनन स्थलों की नियमित रूप से भराई ईसीएल प्रबंधन व पुलिस द्वारा कराई जा रही है।

- दिलीप कुमार यादव, निरसा थाना प्रभारी

ऐसी कोई भी घटना नहीं घटित हुई है। यह महज अफवाह है। लगातार अवैध उत्खनन स्थलों की हमलोगों द्वारा भराई कराई जा रही है।

- कलवल भास्कर, राजा कोलियरी अभिकर्ता