पीएम के कार्यक्रम में दिखी झारखंडी लोक संस्कृति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुक्रवार को बलियापुर में आयोजित सभा में आकर्षण का केंद्र झारखंड की लोक कला और संस्कृति भी रही।
जागरण संवाददाता, धनबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुक्रवार को बलियापुर में आयोजित सभा में आकर्षण का केंद्र झारखंड की लोक कला और संस्कृति भी रही। इन कलाओं को प्रस्तुत करने का मौका पद्मश्री मुकुंद नायक समेत अन्य कलाकारों को मिला।
पद्मश्री नायक एवं अन्य कलाकारों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अन्य अतिथियों के स्वागत में कार्यक्रम पेश करने के लिए आमंत्रित किया गया था। पद्मश्री नायक ने अपने शिष्य किशोर नायक के साथ नागपुरी नृत्य और गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। इनके साथ ही प्रभात कुमार महता ने छऊ नृत्य पेश किया। नृत्यांगना सुषमा नाग ने कड़सा और सुखदेव पाहन ने मंडारी नृत्य पेश किया। यह धनबाद के लिए संभवत: पहला संयोग था कि झारखंड की चार लोक नृत्यों को एक साथ देखने का मौका यहां के लोगों को मिला।