सरायकेला खरसावां में राइफल साफ करने में गोली लगने से टुंडी के जवान की मौत
दक्षिणी टुंडी के राजाभीट्ठा पंचायत स्थित केशका गांव निवासी झारखंड पुलिस के जवान की मौत हो गई।
संस, टुंडी : दक्षिणी टुंडी के राजाभीट्ठा पंचायत स्थित केशका गांव निवासी झारखंड पुलिस के जवान 52 वर्षीय दिलीप कुमार सिंह की मौत रवींद्रनाथ टैगोर अस्पताल में रविवार की देर रात इलाज के दौरान हो गई। वह सरायकेला खरसावां पुलिस लाइन में पदस्थापित थे। 22 अक्टूबर की दोपहर राइफल सफाई करने के दौरान गोली चल जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सफाई के दौरान गोली उनके सीने में लग गई थी। तत्काल उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने सीने का आपरेशन कर गोली निकाल दी थी। स्थिति में सुधार नहीं होने पर कोलकाता रवींद्रनाथ टैगोर अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। दिलीप कुमार सिंह की मौत की सूचना पर गांव में शोक का आलम है। शव अभी गांव नहीं पहुंचा है। मृतक के दो पुत्र हैं।