सूर्यबिहार कॉलोनी में महिला वैज्ञानिक के घर चोरी
धनबाद : शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन कहीं ना कहीं घटना को अंजा
धनबाद : शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन कहीं ना कहीं घटना को अंजाम दे रहे हैं। बुधवार की रात चोरों ने सूर्य बिहार कॉलोनी में सिंफर की महिला वैज्ञानिक बीनु कुमारी के आवास में धावा बोल दस हजार नकद समेत सात लाख के सामान की चोरी कर ली। भुक्तभोगी गृहस्वामी छठ में बोकारो गई थी। महिला के पति मृणाल कुमार बोकारो में शिक्षक हैं। बीनु कुमारी अपने पति के पास बोकारो गई थी। इस बीच उनके घर में ताला लगा हुआ था। चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और घर में रखे दो अलमारी का लॉकर तोड़कर दस हजार नकद समेत छह लाख से अधिक के जेवरात उड़ा लिए। भुक्तभोगी को घटना की जानकारी गुरुवार को सुबह में हुई। बोकारो से जब महिला धनबाद लौटी तो घर का ताला टूटा हुआ पाया। इस दौरान घर के सारे सामान भी बिखरे पड़े थे। चोर महिला के घर से सोने की चार चेन, तीन जोड़ी नाक का, दो बिछिया, तीन जोड़ी पायल, चूड़ी, कंगन समेत कई अन्य जेवरात उड़ा लिए। दो बनारसी साड़ी तथा कुछ बर्तन भी ले गए। घटना की सूचना पाकर धनबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर लौटी है। चोर गिरोह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस छानबीन कर रही है। पीड़िता बीनु कुमारी के बयान पर पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिले में चोरी की वारदात काफी बढ़ गई है। बुधवार की रात ही चोरों ने सिंदरी गोशाला ओपी अंतर्गत कांड्रा बाजार के समीप एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर 50 हजार नकद समेत लाखों की जेवरात उड़ा लिए।