धनबाद में काम दिलाने लाए महाराष्ट्र के दंपती को छोड़कर भाग गया दलाल
बलियापुर महाराष्ट्र से काम दिलाने की बात कहकर धनबाद लाए गए दो दंपती को दलाल ने धनबाद स्टेशन पर छोड़कर भाग गया।
बलियापुर : महाराष्ट्र से काम दिलाने की बात कहकर धनबाद लाए गए दो दंपती को दलाल ने धनबाद स्टेशन पर छोड़कर भाग गया। दोनों दंपती भटकते हुए शुक्रवार को बलियापुर पहुंचे। महाराष्ट्र के अकोला जिला के चीरपुर थाना अंतर्गत खंडाला के पातूर कस्बा निवासी रामदास चौहान व विष्णु पवार ने बताया कि नागपुर के रहनेवाले संजय चौहान ने उन्हें धनबाद में रिलायंस कंपनी में सर्विस केबल में मजदूरी दिलाने की बात कहकर लाया। दोनों से संजय ने आठ-आठ हजार रुपये भी लिए। धनबाद स्टेशन पर मुंबई मेल से उतरने के बाद चार दिसंबर को संजय ने लोगों को यह कहकर स्टेशन पर रहने को कहा कि वह दो ढाई घंटे में वापस आ रहा है। इसके बाद वह नहीं आया। दलाल संजय का इंतजार करने के बाद तीसरे दिन रामदास व विष्णु बलियापुर पहुंचे। उनके साथ दोनों की पत्नियां व तीन बच्चे भी हैं। दोनों ने बताया कि उन लोगों के पास अब घर वापस जाने व खाने के लिए भी पैसे नहीं हैं। जो पैसे थे दो दिनों में खत्म हो गए। बलियापुर के कुछ लोगों ने खाने के लिए सहायता राशि दी। दोनों अभी बलियापुर में ही हैं।