खुले में शौच को गई नाबालिग को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास, पांच गिरफ्तार
पीड़िता ने कोयला चोरी के धंधे में शामिल छह लड़कों पर अगवा कर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, अलकडीहा (धनबाद)। स्वच्छ भारत अभियान के तहत देश भर में जहां शौचालय के निर्माण को लेकर कई प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं कई घरों में अब भी शौचालय नहीं होने के कारण आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है, ताजा मामला जीनागोरा का है। यहां घर में शौचालय न होने के कारण शनिवार रात झाड़ियों में शौच के लिए गई 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया गया।
पीड़िता ने कोयला चोरी के धंधे में शामिल छह लड़कों पर अगवा कर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया। पुलिस ने पांच आरोपित युवकों को हिरासत में ले लिया है। इनमें चार नाबालिग हैं। सभी आरोपित सोमवार को जेल भेज दिए गए हैं। वहीं, एक आरोपी की तलाश चल रही है। घटना के बाद पीड़ित व आरोपी पक्षों के बीच रविवार को जमकर मारपीट हुई। सूचना पाकर अलकडीहा ओपी पुलिस पहुंची। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक फरार है।
जानकारी के अनुसार, घर में शौचालय नहीं रहने के कारण शनिवार की रात लगभग दस बजे लड़की घर के पास रेलवे लाइन के समीप झाड़ियों में शौच के लिए गई थी। इस दौरान बंद परियोजना में अवैध कोयला खनन करने वाले छह युवक शराब पी रहे थे। लड़की को अकेले देखकर आरोपितों ने युवती का पीछा किया और उसे पकड़कर उसके दुपट्टे से उसका मुंह बांध उसे झाड़ियों की ओर ले गए। लड़के छेड़खानी करने लगे। एक आरोपित अपने मोबाइल से वीडियो बना रहा था। लड़की को धमकी दी कि हल्ला किया तो वीडियो वायरल कर देंगे। जान से मार देंगे।
किसी तरह लड़की उनके चंगुल से बचकर घर पहुंची। डर के कारण घर में किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। सुबह में लड़की ने मां व भाभी को घटना के बारे में बताया। इसके बाद लड़की व आरोपित के परिजनों के बीच जमकर मारपीट हुई। लड़की की शिकायत पर अलकडीहा पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। छह आरोपितों में चार नाबालिग हैं। घटना के बाद सिंदरी के डीएसपी पीके केसरी लड़की से बात कर न्याय का भरोसा दिलाया है।
जानकारी मिलने के बाद पीड़ित लड़की से बात की है। लड़की के बयान पर मामला दर्ज कर, पांच आरोपित को पकड़ा गया है, जबकि एक फरार है। उसकी तलाश पुलिस कर रही है। नाबालिग आरोपितों को बाल सुधार गृह व बालिग को जेल भेजा जाएगा।
-पीके केसरी, डीएसपी सिंदरी