पेपर लीक और धांधली के खिलाफ Gen-Z का संघर्ष, धनबाद में बोले दीपांकर भट्टाचार्य- हर बाधा से लड़ने को तैयार युवा
धनबाद में आयोजित छात्र-युवा संसद में दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि युवा पेपर लीक और धांधली के खिलाफ लड़ने को तैयार हैं।

छात्र-युवा संसद को संबोधित करते भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य। (फोटो जागरण)
HighLights
दीपांकर भट्टाचार्य: युवा पेपर लीक, धांधली के खिलाफ लड़ने को तैयार।
धनबाद में आइसा-आरवाईए ने आक्रोश मार्च निकाला, छात्र-युवा संसद।
अभ्यर्थियों को न्याय, धांधली की त्वरित जांच की मांग गूंजी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। आज देशभर में छात्र-युवा पेपर लीक, धांधली और अनियमितता के खिलाफ जेन जेड के रूप में प्रदर्शन कर रहे हैं। वो किसी भी सरकार और सिस्टम की किसी भी बाधा के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हैं।
हर कमी के खिलाफ, चाहे वह स्कूली शिक्षा का सवाल हो, उच्च शिक्षा का सवाल हो या परीक्षा व्यवस्था का सवाल हो, छात्र-युवा संघर्ष कर रहे हैं। यह बातें भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहीं।
वह सोमवार को न्यू टाउन हाल में जेन जेड राइजिंग झारखंड चैप्टर के तहत धनबाद के न्यू टाउन हाल में आयोजित छात्र-युवा संसद को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज देशभर में नीट में पेपर लीक का मुद्दा तो है ही, वहीं एक अन्य एनईईटी (नाट इन एजुकेशन, एंप्लायमेंट और ट्रेनिंग) शब्द भी आया है, जिसका इस्तेमाल शिक्षा, रोजगार या प्रशिक्षण में नहीं होने वाले युवाओं के लिए किया जाता है।
यह भी देश के लोगों के लिए चिंता का विषय है। हम सभी को एकजुट होकर इस तरह की तमाम व्यवस्थाओं के खिलाफ लड़ाई जारी रखनी होगी। वक्ताओं ने रद और स्टे के चक्कर में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना बंद करने और धांधली की त्वरित जांच कर अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की वकालत की।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक होते हुए आयोजन स्थल तक आक्रोश मार्च से हुई। आल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा)- इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सिंदरी से विधायक चंद्रदेव महतो, जंतर-मंतर सहित देश के अन्य हिस्सों में आंदोलन का नेतृत्व करने वाले जेएनयू छात्र संघ के सह सचिव दानिश अली, जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष धनंजय और आरवाईए के राष्ट्रीय महासचिव नीरज कुमार, आरवाईए राष्ट्रीय परिषद सदस्य सोनू पांडेय, आरवाईए झारखंड अध्यक्ष संदीप जायसवाल, आइसा झारखंड राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप, राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ, राज्य उपाध्यक्ष स्नेहा महतो, राज्य सह सचिव रितेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
छात्रों के संघर्ष के आगे सरकार को झुकना पड़ा, इसे बरकरार रखें : दानिश
जेएनयू छात्रसंघ के सह सचिव दानिश अली ने कहा कि बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा और भगत सिंह के वारिस आज जंतर-मंतर से लेकर पटना, रांची के अलावा छात्र-युवा संसद के रूप में नीट सहित तमाम भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
झारखंड के छात्र-युवा भी जेपीएससी-जेएसएससी सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं में धांधली और टीडीपीएल जैसी प्राइवेट एजेंसी को रद करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार को उनकी मांगों पर झुकने के लिए भी मजबूर होना पड़ा है। आज जरूरत है कि इसी लड़ाई को बरकरार रखा जाए।
सरकारी स्कूल सुधारो, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दो अभियान चलाएगा आरवाईए
इंकलाबी नौजवान सभा आरवाईए के राष्ट्रीय महासचिव नीरज कुमार ने कहा कि आइसा-आरवाईए आज झारखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सम्मानजनक रोजगार की गारंटी और स्थानीय नियोजन नीति के सवाल पर आंदोलन की अग्रणी पंक्ति में हैं। कहा कि आरवाईए सरकारी स्कूल सुधारो, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दो का नारा लेकर गांव-गांव जाकर अभियान चलाएगा।
छात्र युवा संसद से पारित प्रमुख संकल्प
- प्रतियोगी परीक्षाओं की एसआइटी जांच : झारखंड सरकार शक के दायरे में आई सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की जांच के लिए एसआइटी गठित करे। जांच निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हो, ताकि धांधली के तथ्य सामने आ सकें और अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
- फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन : प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली से जुड़े मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करे। जांच में मिले तथ्य और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों को जल्द सजा तथा पीड़ितों को न्याय सुनिश्चित किया जाए।
- पहली और दूसरी जेपीएससी मामले का निबटारा : पहली और दूसरी जेपीएससी परीक्षा में हुई कथित धांधली की जांच सीबीआइ को सौंपी गई थी, लेकिन मामला अब तक लंबित है। केंद्र सरकार और सीबीआइ इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए जल्द जांच और न्याय सुनिश्चित करें।
- परीक्षाओं का निजीकरण बंद हो : भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन निजी कंपनियों को आउटसोर्स करने के बजाय सरकारी एजेंसियों के माध्यम से कराया जाए।
- आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस हों : प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन के दौरान छात्रों और युवाओं पर दर्ज सभी एफआइआर वापस लिए जाएं।
- खनिज उपकर व एमएमडीआर विधेयक वापस लेने की मांग : केंद्र सरकार झारखंड खनिज वहन भूमि उपकर तथा एमएमडीआर से संबंधित विधेयक को तत्काल वापस ले।
- पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा हो : हेमंत सरकार राज्य के पांच लाख युवाओं को रोजगार देने के अपने वादे को पूरा करे।
- समय पर मिले छात्रवृत्ति : राज्य में छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति के वितरण में हो रही देरी को समाप्त करते हुए सभी पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाए।
- बंद स्कूलों को फिर से खोला जाए : पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में बंद किए गए सभी स्कूलों को पुनः संचालित किया जाए।
- स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित हों : सभी विद्यालयों में पर्याप्त भवन, शिक्षकों की नियुक्ति, मध्याह्न भोजन, शौचालय एवं उनकी नियमित सफाई की स्थायी व्यवस्था की जाए। साथ ही पुस्तकालय और खेल के मैदान की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
- हर अनुमंडल में सार्वजनिक पुस्तकालय : राज्य के सभी अनुमंडलों में छात्रों और युवाओं के अध्ययन के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित किए जाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।