इंडोनेशियाई नागरिकों को पीएमसीएच से भेजा गया ISM के क्वारंटाइन वार्ड, स्वास्थ्य कर्मियों का कर रहे थे परेशान Dhanbad News
पिछले दिनों गोविंदपुर से 10 इंडोनेशियाई सहित दो महाराष्ट्र के नागरिक को पुलिस ने पकड़ा था। सभी इंडोनेशियाई नागरिक के पासपोर्ट को पुलिस ने जब्त किया है।
धनबाद, जएनएन। पीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 10 इंडोनेशियाई नागरिकों को आइआइटी आइएसएम के क्वारंटाइन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। पिछले दिनों आइएसएम में अलग से क्वारंटाइन वार्ड बनाया गया है। लगातार संदिग्ध लोगों की संख्या बढ़ने के कारण पीएमसीएच प्रबंधन ने आइएसएम प्रबंधन से वार्ता की थी। इसके बाद इन सभी इंडोनेशियाई नागरिकों को वहां शिफ्ट कर दिया गया है।
वहीं, अब दूसरी बार इन सभी इंडोनेशियाई नागरिकों का सैंपल जांच होगा। इससे पहले हुए जांच में सभी की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई थी। हालांकि सरकारी गाइडलाइन के अनुसार जो भी विदेशी नागरिक हैं, उनका 14 दिनों में कम से कम दो बार सैंपल जांच करना अनिवार्य है। इसके साथ ही 14 दिनों तक उसे निगरानी में भी रहना है। पहले इन इंडोनेशियाई नागरिक को पीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था।
पीएमसीएच में कर रहे थे नागरिक परेशान : बताया जाता है कि पीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती यह इंडोनेशियाई नागरिक स्वास्थ्य कर्मचारियों को परेशान कर रहे थे। गाइडलाइन का यह नागरिक पालन नहीं कर रहे थे। कभी बढ़िया खाना, तो कभी बढ़िया पहनने की मांग कर रहे थे। दूसरी ओर पीएमसीएच आने वाले अन्य संदिग्ध मरीजों को इनकी वजह से सदर अस्पताल भेजा जा रहा था।
नए मरीजों की सुरक्षा को लिया फैसला : आइसोलेशन वार्ड के प्रभारी डॉ. यूके ओझा ने बताया कि ऐसा सुरक्षा को देखते किया गया है। पीएमसीएच में हर दिन नए संदिग्ध आ रहे हैं। प्रबंधन की कोशिश है कि हर एक की सजगता से निगरानी की जाए। प्रबंधन की ओर से लगातार कोशिश है कि नए मरीजों को खोजा जाए और उन्हें निगरानी में रखा जाए।