होम क्वारंटाइन का आवेदन लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे चौबे जी, पॉजिटिव जान कर्मियों में मचा हड़कंप Dhanbad News
Dhanbad Corona News डीसी ऑफिस के कर्मचारियों में वायरस का और खतरा मंडराने लगा है। पारनयण शाखा के कर्मचारी जिन्होंने बुजुर्ग का आवेदन लिया था वे भी सकते में हैं।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Corona News कोरोना के कहर से लोग भयभीत हैं। धनबाद का डीसी ऑफिस भी इससे अछूता नहीं है। ऐसे में कर्मचारियों में भय बना हुआ है। शनिवार को तो डीसी ऑफिस में एक कोरोना पॉजिटिव खुद चलकर पहुंच गया। उसके पास एक आवेदन था, जिसमें कहा गया कि वह और उनकी पत्नी दोनों पॉजिटिव हैं। उन्हें होम क्वारंटाइन रहने की अनुमति दी जाये।
समाहरणालय के कार्यालय अधीक्षक ने जब उनका आवेदन लिया और उनकी बात सुनी तो वहां कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। तुरंत व्यक्ति को बाहर किया गया। कर्मचारी इधर-उधर भागदौड़ करने लगे। कर्मचारियों ने हाथ सैनिटाइज किये। उक्त व्यक्ति हीरापुर तेलीपाड़ा का रहने वाला रिटार्यड बैंककर्मी चौबे जी है। खैर, इस वाक्या के बाद डीसी ऑफिस के कर्मचारियों में वायरस का और खतरा मंडराने लगा है। पारनयण शाखा के कर्मचारी जिन्होंने बुजुर्ग का आवेदन लिया था, वे भी सकते में हैं।
भू-अर्जन शाखा में पसरा सन्नाटा : शनिवार को भू-अर्जन कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। चर्चा है कि दिन भर कोई कर्मचारी कार्यालय नहीं घुसा। दरअसल, शुक्रवार को इस शाखा के वरीय लिपिक पॉजिटिव पाये गये थे। उसके बाद कर्मचारियों में संक्रमण का डर बना हुआ है। इससे पूर्व आपदा विभाग और गोपनीय शाखा से भी कई कर्मचारी पॉजिटिव पाये जा चुके हैं। ऐसे में कर्मचारी कोरोना के भय में काम कर रहे हैं।