Coronavirus Dhanbad News Update: डेढ़ साल का बच्चा निकला कोरोना फाइटर, चार दिन में जंग जीत चला अगले मोर्चे पर
कोरोना संक्रमित बच्चे को लेकर उसके माता-पिता रिम्स से 16 जून को भाग निकले थे। इसके बाद बच्चे के साथ माता-पिता को पकड़कर धनबाद के कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया था।
धनबाद, जेएनएन। कोविड-19 अस्पताल ( Central Hospital) धनबाद में भर्ती बरवाअड्डा के जयनगर गांव के डेढ़ साल के बच्चे ने चार दिन में कोरोना को पराजित कर दिया है। 14 जून को रिम्स रांची में बच्चे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव था। इसके बाद 16 जून को उसे धनबाद के कोविड अस्पताल में भर्ती किया। शुक्रवार को बच्चे की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे अस्पताल से विदाई दी गई। बच्चे की माता-पिता की रिपोर्ट भी निगेटिव है। चिकित्सकों ने ताली बजाकर बच्चे को विदाई दी। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद परिजनों से लेकर डॉक्टरों में खुशी है। कोरोना को पराजित करने के बाद बच्चा अगले मोर्च पर निकल गया है। उसके पेशाब में संक्रमण है। इजाल के लिए धनबाद से वापस रिम्स जारी भेज दिया गया।
दरअसल डेढ़ वर्षीय बच्चे नरेश को सही से पेशाब नहीं होने की वजह से परिजन उसे रिम्स ले गए थे। 12 जून को रिम्स के यूरोलॉजी वार्ड में भर्ती किया गया। इसके बाद कोरोना जांच की गई। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद 14 जून को कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया। इसी दाैरान एक मरीज की मृत्यु हो गई। इसके बाद डर से बच्चे को लेकर उसके माता-पिता (लक्ष्मी देवी-किशोर लाल महतो) रिम्स के कोरोना वार्ड से भाग निकले। इसके बाद कोरोना संक्रमित बच्चे की तलाश शुरू हुई।
नानीघर में मिला 16 जून को रांची से लेकर धनबाद तक पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बच्चे की तलाश की। उसके माता-पिता चुपके से बच्चे को लेकर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव आ गए। गांव में पुलिस पहुंची तो माता-पिता बच्चे को लेकर भेंडरीटोला पहुंच गए। भेंडरीटोला में बच्चे का नानीघर है। आसपास के लोगों को जैसे ही पता चला तो विरोध शुरू कर दिया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। स्वास्थ विभाग तुरंत हरकत में आ गया और तत्काल डॉक्टरों की टीम भेजी। इसके बाद एंबुलेंस से बच्चे को लाकर सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चा चार तीन दिन तक धनबाद को कोविड अस्पताल में रहा। वह कोरोना वार्ड में अकेले नहीं रह पा रहा था। इस कारण माता-पिता के साथ बच्चे को रखा गया।
मासूम बच्चा और उनके परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बच्चे को पेशाब संबंधी समस्या है। यहां पर पीडियाट्रिक सर्जन नहीं है। इस वजह से बच्चे को रिम्स भेज दिया गया।
-डॉ गोपाल दास, सिविल सर्जन, धनबाद