Delhi Rally की सफलता के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नसीहत, ‘खुद टिकट कटाओ, खुद खाओ और दम दिखाओ’
Congress Rally Delhi: कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' रैली बुलाई है, लेकिन ...और पढ़ें

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे। (फाइल फोटो)
HighLights
कांग्रेस की 1 नवंबर को दिल्ली में 'वोट बचाओ' रैली।
कार्यकर्ताओं को अपने खर्च पर आना-जाना, ठहरना होगा।
धनबाद कांग्रेस ने रैली की रणनीति पर बुलाई बैठक।
आशीष सिंह, धनबाद। Congress Rally Delhi: एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विपक्ष (INDIA Bloc)) की विशाल रैली को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। वोट चोरी के खिलाफ रैली आयोजित की जा रही है।

कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। कांग्रेस ने रैली का नाम- वोट बचाओ-देश बचाओ, दिया है। ब्लाक स्तर से लेकर जिला स्तर तक भीड़ जुटाने का कड़ा लक्ष्य रखा गया है, लेकिन इस तगड़ी प्लानिंग के बीच पार्टी का एक निर्देश से नेता-कार्यकर्ता मायूस हैं।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पत्र के अनुसार रैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं और नेताओं को आने-जाने के साधन (बस-ट्रेन) और दिल्ली में ठहरने-खाने का इंतजाम स्वयं ही करना होगा।
पत्र को धनबाद कांग्रेस के नेता संजय जायसवाल ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से शेयर किया है। यह पोस्ट चर्चा का विषय बन गया है और बहस छिड़ गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि धनबाद के कांग्रेसी कार्यकर्ता अपनी जेब से खुद टिकट का जुगाड़ करके दिल्ली के रामलीला मैदान में कितना दम दिखा पाते हैं।
भीड़ हमारी, खर्च तुम्हारा, कार्यकर्ताओं के लिए परीक्षा की घड़ी
वायरल पत्र के अनुसार कांग्रेस हाईकमान ने साफ कर दिया है कि त्योहारी सीजन में भीड़भाड़ को देखते हुए यात्रा टिकटों की अग्रिम बुकिंग और दिल्ली में रहने की व्यवस्था प्रतिनिधिमंडल खुद अपने दम पर सुनिश्चित करेंगे।
इस फरमान के सामने आने के बाद राजनीतिक विश्लेषक और विरोधी तंज कस रहे हैं कि पार्टी शक्ति प्रदर्शन तो करना चाहती है, लेकिन जेब ढीली करने के नाम पर कार्यकर्ताओं को ही उपरवाले के भरोसे छोड़ दिया गया है।
कागजों पर ब्लाक और जिला स्तर के पदाधिकारियों की भारी-भरकम फौज उतारने की तैयारी तो है, पर आर्थिक बोझ उठाने से केंद्रीय नेतृत्व ने कन्नी काट ली है।
धनबाद में भी सुगबुगाहट, शनिवार को अहम बैठक
राष्ट्रीय स्तर के इस निर्देश का असर धनबाद में भी दिखने लगा है। दिल्ली के रामलीला मैदान की इस रैली को सफल बनाने और यहां से अधिक से अधिक संख्या में भीड़ दिल्ली कूच करने के वास्ते धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने 24 अक्टूबर को एक विशेष जिला स्तर की बैठक बुला ली है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार वोट बचाओ देश बचाओ जन आंदोलन अभियान के तहत धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को सुबह साढ़े 11 बजे से हाउसिंग कालोनी स्थित जिला कांग्रेस मुख्यालय भवन में होगी।
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली प्रस्तावित रैली की सफलता और रणनीति बनाने के लिए यह बैठक बुलाई गई है। बैठक में जिला, प्रदेश, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और सभी मंच-मोर्चा के पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की गई है।
