हम आए तो रंगदार रहेंगे न रंगदारी
धनबाद : पूर्व सांसद चंद्रशेखर उर्फ ददई दुबे ने कहा कि राज्य में लचर कानून व्यवस्था के कारण अपराध
धनबाद : पूर्व सांसद चंद्रशेखर उर्फ ददई दुबे ने कहा कि राज्य में लचर कानून व्यवस्था के कारण अपराध व रंगदारी चरम पर है। धनबाद से बाघमारा तक भाजपा नेताओं की दबंगई और रंगदारी से उद्यमी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव नतीजों ने भविष्य की झलकी दिखा दी है। 2019 के चुनावों में कांग्रेस भारी जीत दर्ज करेगी। फिर न रंगदार होंगे न किसी की रंगदारी चलेगी। पारा शिक्षकों के धरना में भाग लेने आए दुबे परिसदन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
दुबे ने कहा कि वे जब सांसद थे तब 28 हार्डकोक उद्योग बंद थे। उन्हें कोई नहीं खुलवा सका। तब ओपी लाल के साथ यही बीएन सिंह मेरे पास आए थे। हमने उन्हें आश्वासन दिया और एक झटके में सारे हार्डकोक उद्योगों को खुलवा दिया। हजारों मजदूरों को काम मिला। आज की स्थिति देख कोफ्त होती है कि धनबाद कहां पहुंच गया और इसके जनप्रतिनिधि क्या कर रहे हैं।
चुनाव लड़ने को तैयार, राजेंद्र को भी करेंगे सहयोग :
पूर्व सांसद ने कहा कि कांग्रेस उन्हें टिकट देती है तो वे 2019 के लोकसभा में चुनाव लड़ने को तैयार हैं। राजेंद्र प्रसाद सिंह के दावे पर उन्होंने कहा कि पार्टी यदि उन्हें टिकट देती है तो हर संभव सहयोग करेंगे। इंटक की लड़ाई पर उन्होंने कहा कि यह मसला कोर्ट में है, वहीं सुलझा लेंगे। पार्टी में वे मेरे मित्र हैं, चुनाव लड़ेंगे तो पूरा सहयोग कर उन्हें जिताएंगे। कांग्रेस आई तो स्थायी होंगे पारा शिक्षक
वरीय कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे ने कहा कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी तो पारा शिक्षकों को स्थायी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारा शिक्षकों की बद्दुआ भाजपा को लगी है। इसी कारण वह पांच राज्यों के चुनाव में कहीं नहीं रही। दुबे ने कहा कि मोदी-रघुवर सरकार से न पारा शिक्षक खुश हैं न मनरेगा कर्मी न ही राजस्व कर्मी। रघुवर ने पुलिस वालों को 13 महीने का वेतन देने की बात कही थी जो तीन साल बाद भी पूरी नहीं कर पाए। अब इनके दिन लद गए हैं।