BBMKU: अब 5 मई तक बंद रहेंगे धनबाद और बोकारो के कॉलेज, विश्वविद्यालय ने जारी किया आदेश
पांच मई तक विश्वविद्यालय समेत धनबाद और बोकारो जिला के कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है। इसके साथ ही ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने की बात कही गई है। आदेश के तहत विश्वविद्यालय और कॉलेज के सभी प्रकार के कार्यालय स्नातकोत्तर विभाग भी बंद रहेंगे।
धनबाद, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के बढ़ते दायरे और आंशिक लॉकडाउन की बढ़ी अवधी को देखते हुए बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय ने अब आगामी पांच मई तक विश्वविद्यालय समेत धनबाद और बोकारो जिला के कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है। इसके साथ ही ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने की बात कही गई है। आदेश के तहत विश्वविद्यालय और कॉलेज के सभी प्रकार के कार्यालय, स्नातकोत्तर विभाग भी बंद रहेंगे। बीबीएमकेयू रजिस्ट्रार कर्नल डॉ. एमके सिंह की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि गृह, कारा एवं आपादा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी आदेश में कोरोना की चेन तोड़ने के लिए दूसरे चरण के आंशिक लॉकडाउन की शुरूआत की गई है, जो छह मई की सुबह छह बजे तक जारी रहेगी। इसी के आलोक में विश्वविद्यालय और कॉलेज को बंद रखा गया है।
परीक्षा नियंत्रक की पत्नी का निधन
बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. सत्यजीत कुमार सिंह की धर्मपत्नी पूनम सिंह का निधन हो गया। वे 50 वर्ष की थीं। उनकी मौत हृदय गति रूकने से हुई है। पूनम सिंह के निधन पर विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. अंजनी कुमार श्रीवास्तव, प्रोवीसी डॉ. अनिल कुमार महतो, रजिस्ट्रार कर्नल डॉ. एमके सिंह, डीन छात्र कल्याण डॉ. एलबी सिंह समेत तमाम कॉलेज के प्राचार्यों ने भी शोक संवेदन प्रकट किया है। डॉ. सत्यजती कुमार सिंह ने बताया कि अचानक हुए हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हुआ है।