कोरोना काल में PMCH का हाल: ठंड बढ़ी, पर कंबल मिल नहीं रहा, बेडशीट साफ नहीं हो रही
अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक सभी मरीजों के लिए कंबल उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस वजह से दूरदराज से आने वाले गरीब मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीज किसी तरह से घर से कंबल-चादर लाकर रात काट रहे हैं।
जागरण संवाददाता, धनबाद: कोयलांचल में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शाम होते ही तापमान गिरना शुरू हो जा रहा है। इसका असर जिले के सबसे बड़े अस्पताल पीएमसीएच में भी देखने को मिल रहा है। अक्सर दवाई नहीं रहने के साथ अब सामान्य सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक सभी मरीजों के लिए कंबल उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस वजह से दूरदराज से आने वाले गरीब मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीज किसी तरह से घर से कंबल-चादर लाकर रात काट रहे हैं। मरीजों ने इसकी शिकायत अस्पताल के कर्मियों और डॉक्टरों से की है।
अस्पताल में भर्ती हैं 300 मरीज: पीएमसीएच में फिलहाल 300 मरीज विभिन्न विभागों में भर्ती हैं। अस्पताल में कुल बेड की संख्या 560 है। लॉकडाउन के बाद अब मरीजों की संख्या अस्पताल में हर दिन बढ़ने लगी है। ओपीडी के साथ इंडोर में भी मरीज आ रहे हैं।
बेडशीट भी नहीं बदली जा रही: पुटकी से आए सौरभ कुमार ने बताया कि उनके पिता सिद्धनाथ प्रसाद 24 अक्टूबर से मेडिसिन मेल वार्ड में भर्ती हैं। पहले तो उन्हें बेडशीट नहीं दी गई। जब इसका विरोध किया, तब उन्हें बेडशीट मिला, लेकिन बेडशीट नियमित नहीं बदली जा रही है। गंदे बेड पर ही मरीज को रहना पड़ रहा है।
इमरजेंसी में सबसे ज्यादा परेशानी: पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ गई है। लॉकडाउन में जहां 5 से 8 मरीज आ रहे थे, वहीं अब यह संख्या 30 से अधिक हो गई है। यही कारण है इमरजेंसी के सारे 100 बेड फुल चल रहे हैं। यहां भी मरीजों को कंबल नहीं मिल पा रहा है।
मरीजों को नहीं होगी परेशानी: इस संबंध में पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ एके चौधरी ने कहा कि मरीजों को कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जहां जो परेशानी है, वह दूर की जा रही है। मरीजों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।