Coal India: 15 को रांची जेबीसीसीआइ पर टिकी 2.60 लाख कोयला कामगारों की नजरें, बोनस पर होगा फैसला
कोल इंडिया प्रबंधन ने 15 अक्टूबर को रांची में जेबीसीसीआइ की बैठक बुलाई है। 15 अक्टूबर को रांची में बैठक होगी। जिसमें कोयला कर्मियों को मिलने वाले बोनस राशि तय की जाएगी। पिछले वर्ष 64 700 रुपये बोनस दिया गया था।
धनबाद, जेएनएन। कोयला कामगारों का बोनस तय करने के लिए कोल इंडिया प्रबंधन ने 15 अक्टूबर को रांची में जेबीसीसीआइ की बैठक बुलाई है। 15 अक्टूबर को रांची में बैठक होगी। जिसमें कोयला कर्मियों को मिलने वाले बोनस राशि तय की जाएगी। पिछले वर्ष 64, 700 रुपये बोनस दिया गया था। इस बार करीब तीन हजार रुपये की बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है। वैसे अंतिम फैसला जेबीसीसीआइ की बैठक में होना है। इसे लेकर कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी इकाइयों में कार्यरत लगभग 2.60 लाख कामगारों की नजरें जेबीसीसीआइ की बैठक पर टिक गई हैं।
शनिवार 17 अक्टूबर से नवरात्र की शुरुआत के साथ ही दुर्गा पूजा शुरू हो जाएगी और 26 अक्टूबर को दशहरा का त्योहार है। इसके पहले कोल कर्मियों को बोनस प्रदान करने की परंपरा रही है। इस बार भी बोनस भुगतान समय पर करने का प्रबंधन अपने स्तर पर तैयारी में जुट गया है। श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों ने अपने 12 सूत्रीय मांग पत्र में बोनस का भी मुद्दा शामिल किया है। इसी सिलिसिले में 15 को रांची में जेबीसीसीआइ की बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रबंधन स्डैंटराइजेशन कमेटी में शामिल यूनियन एटक, एचएमएस, बीम्स व सीटू के अधिकारियों के साथ वार्ता करेगा।