Coal India के ठेका मजदूरों की बल्ले-बल्ले, दिवाली से पहले बढ़ा महंगाई भत्ता; नई दरें 1 अक्टूबर से लागू
कोल इंडिया लिमिटेड ने अपने करीब एक लाख ठेका श्रमिकों के लिए परिवर्तनशील महंगाई भत्ते (वीडीए) की नई दरें जारी की हैं।

कोल मजदूर। फोटो जागरण
HighLights
कोल इंडिया के 1 लाख ठेका श्रमिकों का भत्ता बढ़ा।
नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से होंगी प्रभावी।
श्रमिकों को प्रतिदिन 1341 से 1443 रुपये मिलेंगे।
आशीष अंबष्ठ, धनबाद। कोल इंडिया लिमिटेड में कार्यरत करीब एक लाख ठेका श्रमिकों के लिए राहत की खबर है। कंपनी ने खनन कार्यों में लगे ठेका श्रमिकों के परिवर्तनशील महंगाई भत्ते (वीडीए) की नई दरें जारी कर दी हैं।
बढ़ी हुई दरें एक अक्टूबर 2026 से लागू होंगी। इसका लाभ भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में कार्यरत करीब छह हजार ठेका श्रमिकों को भी मिलेगा।
नई दरों के तहत श्रमिकों को उनकी श्रेणी के अनुसार प्रतिदिन 1341 रुपये से लेकर 1443 रुपये तक भुगतान किया जाएगा।
कोल इंडिया मुख्यालय की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, यह संशोधन भारत सरकार के मुख्य श्रम आयुक्त के 30 सितंबर 2026 के आदेश के आधार पर किया गया है।
औद्योगिक श्रमिकों का औसत मूल्य सूचकांक 30 जून 2026 को 424.80 से बढ़कर 431.42 हो गया है। इसी वृद्धि के आधार पर ठेका श्रमिकों के महंगाई भत्ते की नई दरें निर्धारित की गई हैं। यह संशोधन संयुक्त समिति की नौ अगस्त 2023 की सिफारिश के तहत किया गया है।
श्रेणीवार नई दैनिक दरें
आदेश के अनुसार, अकुशल श्रमिकों को मूल मजदूरी 1176 रुपये और महंगाई भत्ता 165 रुपये मिलाकर प्रतिदिन 1341 रुपये मिलेंगे।
अर्धकुशल एवं अकुशल पर्यवेक्षकीय श्रेणी के श्रमिकों को मूल मजदूरी 1206 रुपये और महंगाई भत्ता 169 रुपये सहित 1375 रुपये प्रतिदिन दिए जाएंगे।
कुशल श्रमिकों के लिए मूल मजदूरी 1236 रुपये और महंगाई भत्ता 173 रुपये निर्धारित किया गया है। इस तरह उन्हें प्रतिदिन 1409 रुपये मिलेंगे।
वहीं, उच्च कुशल श्रमिकों को मूल मजदूरी 1266 रुपये और महंगाई भत्ता 177 रुपये मिलाकर प्रतिदिन 1443 रुपये का भुगतान किया जाएगा। नई दरें एक अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी।
कोल इंडिया की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दरों का निर्धारण निर्धारित श्रेणियों और संबंधित प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
इससे कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों में खनन कार्यों में लगे ठेका श्रमिकों की मजदूरी में महंगाई भत्ते के अनुरूप संशोधन होगा।
यह भी पढ़ें- टाटा स्टील जमशेदपुर में 1 नवंबर से बदलेगा ड्यूटी का समय: अब केवल जनरल शिफ्ट में काम करेंगे 2800 कर्मचारी
