CMPFO को ईपीएफओ की तर्ज पर व्यवस्थित करने की तैयारी, डॉ गोपाल सिंह को अतिरिक्त प्रभार
Coal Ministry के संयुक्त सचिव डॉ. गोपाल सिंह को सीएमपीएफओ आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। संगठन को ईपीएफओ ...और पढ़ें

कोयला खान भविष्य निधि संगठन। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
डॉ. गोपाल सिंह को सीएमपीएफओ आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार।
सीएमपीएफओ को ईपीएफओ की तर्ज पर व्यवस्थित किया जाएगा।
1.69 लाख करोड़ रुपये के कोष का बेहतर प्रबंधन होगा।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोयला मंत्रालय ने संयुक्त सचिव डा. गोपाल सिंह को कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ) के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। गुरुवार को सीएमपीएफओ मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि संगठन को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की तर्ज पर व्यवस्थित करने के लिए प्रारंभिक चर्चा शुरू हुई है।
कार्यप्रणाली को पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाने के साथ पेंशनरों व भविष्य निधि खाताधारकों को समय पर सुविधाएं देने और बकाये का निस्तारण करने पर जोर रहेगा। कामकाज को डिजिटल बनाने की पहल भी हो रही है।
उन्होंने बताया कि व्यवस्था में सुधार के लिए 25 सितंबर को कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें ईपीएफओ के आयुक्त भी शामिल थे।
26 अक्टूबर को कोयला मंत्रालय के सहयोग सचिव एवं वित्तीय सलाहकार असीम मोदी के नेतृत्व में निवेश सेल की बैठक प्रस्तावित है। इसमें सीएमपीएफ की राशि के निवेश और बेहतर प्रबंधन पर चर्चा होगी। संगठन के पास करीब 1.69 लाख करोड़ रुपये का कोष है।
ठेका मजदूरों का सटीक डाटा तैयार करने और अधिक पात्र श्रमिकों को भविष्य निधि व्यवस्था से जोड़ने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
डीएचएफएल मामले की जांच आर्थिक मामलों से संबंधित समिति कर रही है। कोयला मंत्रालय के सेवानिवृत्त सलाहकार और पूर्व सीएमपीएफओ प्रभारी आयुक्त अनिमेष भारती तथा संबंधित जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है।
संगठन में 934 पद स्वीकृत हैं। इनमें 585 पर अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत हैं और 349 रिक्त हैं। रिक्तियों की सूची मंत्रालय को भेजी गई है। सहायक आयुक्त के 13 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के माध्यम से भी पद भरने की पहल होगी। मौके पर जनसंपर्क अधिकारी रवि कुमार सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
