पूर्व पीएम चंद्रशेखर के नाती पर चलेगा हत्या का मुकदमा
26 मई 1996 को धनबाद के एसपी आवास के सामने संजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कृष्णा सिंह के फर्द बयान पर प्राथमिकी सुरेश सिंह एवं पप्पू सिंह के विरुद्ध दर्ज की गई थी।
धनबाद, जेएनएन। बहुचर्चित संजय सिंह हत्याकांड में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के नाती यूपी के एमएलसी रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू सिंह पर कानूनी शिकंजा कस गया है। बुधवार को धनबाद के जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद पांडे की अदालत में सिंह पर आरोप गठित किया गया। इसके साथ ही हत्याकांड में पप्पू सिंह के खिलाफ ट्रायल का रास्ता साफ हो गया है।
26 मई 1996 को धनबाद के एसपी आवास के सामने संजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कृष्णा सिंह के फर्द बयान पर प्राथमिकी सुरेश सिंह एवं पप्पू सिंह के विरुद्ध दर्ज की गई थी। सीआईडी ने सुरेश सिंह व पप्पू सिंह को क्लीनचीट दी थी एवं रामाधीर सिंह समेत अन्य पर आरोप पत्र दायर किया था। परंतु पुलिस ने सुरेश सिंह को इस मामले में आरोपी बनाया था।
बतातें हैं कि रामाधीर सिंह इस मामले में 22 मार्च 18 को बरी किए जा चुके हैं। बलिया निवासी (यूपी) पप्पू सिंह अधिवक्ता जया कुमार के माध्यम से अदालत में डिस्चार्ज आवेदन दिया था। आवेदन खारिज होने के बाद बुधवार को सिंह के खिलाफ आरोप गठित किया गया। बुधवार को आरोप गठित किए जाने के दाैरान सिंह धनबाद न्यायालय में शशरीर उपस्थित थे।