बेरोजगारी व महंगाई बढ़ाने वाली केंद्र सरकार अब तीनों कृषि कानून वापस ले Dhanbad News
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) लोकल कमेटी धनबाद के तत्वधान में पार्टी की ओर से 15 से 28 फरवरी 2021 तक सांप्रदायिकता के खिलाफ तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ देशव्यापी अभियान के तहत अंचलाधिकारी के समक्ष प्रदर्शन किया।
धनबाद, जेएनएन : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) लोकल कमेटी धनबाद के तत्वधान में पार्टी की ओर से 15 से 28 फरवरी 2021 तक सांप्रदायिकता के खिलाफ तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ देशव्यापी अभियान के तहत बुधवार को अंचलाधिकारी धनबाद के समक्ष प्रदर्शन किया गया। ग्यारह सूत्री मांग पत्र भी सौंपा।
मांग पत्र में कहा गया है कि कृषि क्षेत्र में किसान विरोधी तीनों कानून वापस लिया जाए। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी दर्जा दिया जाए, मजदूरों को गुलाम बनाने वाली श्रम कानून वापस लिया जाए। वस्तु अधिनियम कानून में जमाखोरों को कानूनी छूट देने पर रोक लगाई जाए, रोज-रोज पेट्रोल, डीजल व गैस में मूल्य वृद्धि पर रोक लगाई जाए।
कारपोरेट घराने को लाभ पहुंचाने वाली तथा बेरोजगारी व महंगाई बढ़ाने वाली केंद्र सरकार की जनविरोधी आम बजट वापस लिया जाए। गरीबों के बीच मुफ्त अनाज वितरण किया जाए तथा जन वितरण प्रणाली को पुनः बहाल किया जाए। कोरोना महामारी में जो बेरोजगार हुए उसके खाते में कम से कम ₹10000 (दस हजार रुपए) प्रतिमाह भुगतान किया जाए। मनरेगा और शहरी विकास योजना के तहत इन लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के प्रावधानों के अनुसार विस्थापितों व उनके अधिकारों को सुनिश्चित किया जाए। सरकारी स्वास्थ्य सेवा केंद्र को बेहतर किया जाए तथा कोरोना वैक्सीन का टीका सभी को मुफ्त दिया जाए। अंत में कहा कि महिलाओं के साथ बढ़ती हिंसा, दुष्कर्म तथा हत्या पर रोक लगाए जाने के मुद्दे को प्रमुखता से रखा गया।
प्रदर्शन से पहले झारखंड मैदान धनबाद से एक रैली निकाली गई जो सड़क मार्ग से होते हुए सीधे अंचल कार्यालय पहुंच कर सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुए लोगों से अपील की गयी कि इन्हीं जनविरोधी नीतियों को लेकर जिला केंद्र धनबाद में जिला परिषद मैदान से 26 फरवरी को सीपीआईएम की जिला स्तरीय विशाल रैली निकाली जाएगी।
वक्ताओं में सीपीआईएम जिला सचिव सुरेश प्रसाद गुप्ता तथा सचिव मंडल सदस्य राम कृष्णा पासवान थे। जबकि अध्यक्षता धनबाद पार्टी लोकल कमाटी सचिव राम बालक ने की। वहीं मांग पत्र सौंपने के लिए प्रतिनिधि के रूप में लीलामय गोस्वामी तथा गौरी चेता भेजे गए।
कार्यक्रम में भारत भूषण, अरिंदम विश्वास, सुरेश पासवान, आर पी महतो, शुभम बनर्जी, देवाशीष वैद्य, ओम प्रकाश, अनुज पासवान, केडी सिंह, अभिजीत हरि, अनिल कुमार सिन्हा तथा कई अन्य शामिल थे।