सरकारी स्कूलों में मनाएं बच्चों का जन्मदिन, एमडीएम स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में निर्णय Dhanbad News
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वालों बच्चों का अब जन्मदिन मनाया जाएगा। मध्याह्न भोजन स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
धनबाद, जेएनएन। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वालों बच्चों का भी अब जन्मदिन मनाया जाएगा। साथ ही बच्चों के ओजस्वी व दीर्घायु होने की कामना की जाएगी। इतना ही नहीं स्वच्छता कार्य के लिए एक साबुन गिफ्ट के रूप में छात्रों के अभिभावकों से दिया जाएगा। ऐसा करने से अभिभावकों को विद्यालय के प्रति स्वामित्व की भावना जागेगी। साथ ही बच्चों में हाथ धोकर भोजन ग्रहण करने की आदत बनेगी।
मध्याह्न भोजन स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। यह भी इसी का हिस्सा है।
बैठक में प्रत्येक विद्यालय में हैंडवाश यूनिट निर्माण करने का निर्देश दिया गया। इस कार्य में 14वें वित्त आयोग या विद्यालय विकास कोष की राशि का उपयोग किया जाए। सभी विद्यालयों में पठनीय स्थान पर एमडीएम भोजन का लोगों के साथ मेनू पेंट कराया जाए।
विद्यालय के पोषक क्षेत्र में कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह से विद्यालय संपर्क करेंगे। यदि समूह मुर्गीपालन कर रही है तो एमडीएम के लिए अंडों की खरीदारी यहीं से की जाए। सभी बच्चों के बीच पौष्टिकयुक्त एमडीएम मुहैया कराया जाना है। प्रत्येक छात्र को 700 कैलोरी मिलनी चाहिए। इसलिए पौष्टिकता की जांच असैनिक शल्य चिकित्सा के स्तर से कराने का निर्णय लिया गया।
सभी बीईईओ विद्यालयों में किचेनशेड की आवश्यकता की डिमांड भी देंगे। ऐसे विद्यालय जहां बच्चों की संख्या 200 से अधिक है एवं भूमि उपलब्ध है वहां जिला स्तर से किचेनशेड का निर्माण किया जाएगा।