कोलकाता से पीरो जा रही बस डुमरी में पलटी, दर्जनभर जख्मी; यात्रियों ने कहा- शराब पीकर वाहन चला रहा था चालक Dhanbad News
कोलकाता से पीरो जा रही बस शुक्रवार तड़के करीब चार बजे डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो के समीप अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस घटना में दर्जनभर लोग जख्मी हो गए।
धनबाद, जेएनएन। कोलकाता से बिहार के पीरो जा रही बस शुक्रवार की अहले सुबह करीब चार बजे डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो के समीप अनियंत्रित होकर पलट गयी। इससे बस में सवार लगभग एक दर्जन यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को उनके परिजन तुरंत एंबुलेंस से औरंगाबाद ले गए। चालक के शराब पीकर बस चलाने की बात यात्री कर रहे हैं। घटना के बाद चालाक फरार हो गया।
जैसे ही बस पलटी यात्रियों की चीख से पूरा इलाका गूंज उठा। आसपास के लोग तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने जख्मी यात्रियों को बस से बाहर निकाला। संयोग से उसी बस पर औरंगाबाद के एक डॉक्टर सद्दाम खान भी यात्रा कर रहे थे। उन्हें चोट नहीं लगी थी। उन्होंने ही घायलों का इलाज किया। बगल में एक दवा दुकान थी, उसे खुलवाकर घायलों को दवा दी गई।
घायलों में औरंगाबाद की नजमा खातुन, नसीम खान, विक्रमगंज के मोहम्द सद्दाम खान, भोजपुर के बीआर मिश्रा, बस के खलासी विकास कुमार सिह (औरंगाबाद) के अलावा मोहम्मद अजीम खान, उनकी पत्नी जहांआरा, भाई नदीम खान, उनकी पत्नी रूबी परवीन शामिल हैं।
डॉ. सद्दाम ने बताया कि वे धनबाद के मैथन में औरंगाबाद जाने के लिए इस बस पर सवार हुए थे। धनबाद जिले में ही जीटी रोड पर एक होटल के निकट चाय पीने के लिए चालक ने बस रोकी थी। चालक चाय के बहाने शराब पीकर लौटा था। नशे में होने के बस पर वह नियंत्रण नहीं बना सका। जख्मी जमाल नासीर ने बताया कि शराब पीने के बाद चालक ने काफी तेज गति से बस चलाना शुरू कर दिया। कुछ यात्रियों ने गति को लेकर विरोध भी जताया था।