गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी को धनबाद कोर्ट से झटका, जमानत अर्जी खारिज
धनबाद कोर्ट ने गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। बंटी को नन्हे ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में बंटी खान। (फाइल फोटो)
HighLights
बंटी खान की जमानत अर्जी धनबाद कोर्ट ने खारिज की।
नन्हे हत्याकांड में बंटी खान को रिमांड पर लिया जाएगा।
बंटी को कोलकाता से गिरफ्तार कर धनबाद लाया गया था।
जागरण संवाददाता, धनबाद। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, धनबाद की अदालत ने गुरुवार को दुबई से गिरोह का संचालन करने वाले बदमाश प्रिंस खान के बड़े भाई बंटी खान की जमानत अर्जी खारिज कर दी। पुलिस ने पिछले दिनों बंटी को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया था।
पुलिस का कहना है कि बंटी खान दुबई भागने की फिराक में था। उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी जारी की गई थी। गिरफ्तारी के बाद से वह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है। धनबाद पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार करने के बाद वासेपुर में उसका परेड भी कराया था।
वासेपुर में बंटी खान को परेड कराने के दाैरान गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान के समर्थकों ने हमला किया था। पुलिस घेराबंदी में बंटी खान के साथ मारपीट भी की थी।
नन्हे हत्याकांड में बंटी खान को रिमांड पर लेने की मांग
नन्हे हत्याकांड में बंटी खान को उसके आवेदन पर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू हुई है। बंटी खान की ओर से अधिवक्ता उदय कुमार भट्ट ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ की अदालत में आवेदन देकर बंटी खान को नन्हे हत्याकांड में रिमांड पर लेने का अनुरोध किया।
यह भी पढ़ें- पुलिस के सामने वासेपुर में पिटा गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी, भीड़ से उठी एनकाउंटर की आवाज
मामले की सुनवाई के दिन बंटी खान अदालत में उपस्थित नहीं था। उसकी ओर से प्रतिनिधित्व आवेदन दाखिल किया गया था। अदालत ने प्रतिनिधित्व आवेदन को खारिज करते हुए आदेश पारित किया। इसके बाद नन्हे हत्याकांड में बंटी खान को रिमांड पर लेने की कार्रवाई की गई।
