यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bharatmala Pariyojana: गडकरी के फोकस पर आया रायपुर-धनबाद इकोनामिक कारिडोर पर, ट्वीट कर दी जानकारी
इस योजना के पूरा हो जाने के बाद रांची और धनबाद के बीच का सड़क संपर्क सुगम हो जाएगा और ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। राष्ट्रीय उच्च पथ- ३२० बोकारो के जैना मोड़ से रामगढ़ के गोला तक फोर लेन बनेगा। केंद्र सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। इस महती सड़क के निर्माण पर १००७.९७ करोड़ रुपये की लागत आएगी। पूर्व में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की स्टैंडिंग फाइनेंस कमेटी (एसएफसी) ने भी इस सड़क को मंजूरी दी थी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट के माध्यम से यह जानकारी दी है।
अगले दो वर्ष में इस योजना को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका विस्तार ओरमांझी तक होगा। जैना मोड़ से चास तक करीब २० किलोमीटर सड़क पूर्व से ही फोर लेन बन चुकी है। चास से धनबाद तक फोर लेन सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस योजना के पूरा हो जाने के बाद रांची और धनबाद के बीच का सड़क संपर्क सुगम हो जाएगा और आवागमन में करीब एक घंटे की बचत होगी। फिलहाल रांची से धनबाद पहुंचने में लगभग चार घंटे लग जाते हैं। यह सड़क भारतमाला परियोजना के पहले चरण के लिए चयनित रायपुर से धनबाद इकोनामिक कारिडोर का हिस्सा है।
