बोकारो के डीटीओ संतोष गर्ग ने धनबाद के मजिस्ट्रेट में को मारा थप्पड़, पहले भी रहे हैं विवादों में Dhanbad News
शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को धनबाद के उपायुक्त अमित कुमार से आवासीय कार्यालय में मुलाकात और घटना की शिकायत करते हुए बोकारो के डीटीओ पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
धनबाद, जेएनएन। बेंगलुरू से बोकारो आए धनबाद जिले के प्रवासी कामगारों को लाने बतौर दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) गए राजगंज के आदर्श मध्य विद्यालय के सहायक शिक्षक नागेश्वर प्रजापति के साथ वहां के डीटीओ संतोष गर्ग ने बदसलूकी की। उनसे न सिर्फ धक्का-मुक्की की गई बल्कि अपशब्द भी कहा गया। उन्हें थप्पड़ भी मारा।
बोकारो डीटीओ द्वारा थप्पड़ माने जाने की घटना के विरोध में झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ आक्रोश में हैं। मामले की जानकारी पाकर शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को धनबाद के उपायुक्त अमित कुमार से आवासीय कार्यालय में मुलाकात और घटना की शिकायत करते हुए बोकारो के डीटीओ पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। डीसी ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि वे इसे गंभीरता से लेंगे। इसके साथ ही डीसी ने शिक्षकों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे कोरोना से बचाव के लिए निष्ठापूर्वक काम कर रहे हैैं। प्रतिनिधिमंडल में नेहरू हेम्ब्रम, हरेंद्र कुमार गुप्ता, रंजन दास, उज्जवल तिवारी, शिवेश झा आदि शामिल थे।
यह है मामला
दंडाधिकारी सह सहायक शिक्षक नागेश्वर प्रजापति बुधवार सुबह धनबाद के 18 कामगारों को लाने बोकारो गए थे। उन्होंने जब कामगारों को बस में बिठाया तो डीटीओ ने साहिबगंज के कामगारों को भी उसी बस में ले जाने का दबाव दिया। शिक्षक प्रजापति ने ऐसा करने से इन्कार किया और धनबाद डीटीओ से अनुमति दिलाने की बात कही। इसी को लेकर मामले ने तूल पकड़ लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार सभी लोगों के सामने उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए थप्पड़ मारा गया। इस घटना से वे अपमान महसूस कर रहे हैं।
पहले भी विवादों में रहे हैं डीटीओ संतोष गर्ग
संतोष गर्ग धनबाग में भी पदस्थापित रहे हैं। वह धनबाद के बाघमारा अंचल में सीओ के पद पर पदस्थापित थे। उस दाैरान भी काफी विवाद हुआ था।