Jharkhand: झामुमो के एजेंडे पर अधिकारी नहीं कर रहे काम, बोकारो जिलाध्यक्ष ने महासचिव के साथ साझा की पीड़ा
भारतीय जनता पार्टी की वर्चुअल रैली का विरोध करने वाला झारखंड मुक्ति मोर्चा भी अब डिजिटल प्लेटफार्म पर आ गया। झामुमो की बैठक जूप एप हो रही है।
बोकारो, जेएनएन। झारखंड में सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बोकारो जिला कमेटी ने अपनी ही पार्टी की सरकार के अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को डिजिटल प्लेटफार्म पर हुई झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बोकारो जिलाध्यक्ष हीरालाल माझी ने अधिकारियों को अपने निशाने पर लिया। उन्होंने कहा-झारखंड में हमारी सरकार है। हमारे नेता हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री हैं। लेकिन प्रशासनिक तंत्र पूर्व की सरकार के लोगों के इशारे पर काम कर रहा है। कार्यकर्ताओं की बातें सुनी नहीं जा रही हैं। जनहित के मद्दे पर अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं।
आदिवासियों की जमीन कब्जा मुक्त कराने के एजेंडे पर काम नहीं
भारतीय जनता पार्टी की वर्चुअल रैली का विरोध करने वाला झामुमो सोमवार को खुद डिजिटल प्लेटफार्म पर दिखा। केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक जूप एप हो रही है। सोमवार को बोकारो जिले का सत्र था। रांची से जुड़े झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय के समक्ष बोकारो के नेताओं ने अपनी पीड़ा साझा की। जिलाध्यक्ष माझी ने कहा कि चुनाव के समय जो एजेंडा था अबतक उसपर काम नहीं हो रहा है। आदिवासियों की जमीन को कब्जा मुक्त नहीं किया जा रहा है। इस मामले में सभी अंचल के अंचल अधिकारी रुचि नहीं ले रहे हैं। जबकि यह हमारी पार्टी का प्रमुख एजेंडा था l पूर्व की तरह ही जनता की समस्याओं को टालना अधिकारियों की मानसिकता है। अधिकारियों के इस रवैए से कार्यकर्ता अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है l चास के सफाई टेंडर देने की प्रक्रिया में भारी घोटाला हुआ है। इस मामले में अपर नगर आयुक्त से लेकर अन्य की भूमिका की ACB जांच होनी चाहिए l
निजी स्कूलों की बढ़ गई मनमानी
झामुमो के केंद्रीय महासचिव संतोष रजवार ने कहा कि इलेक्ट्रोस्टील वेदांता कोरोना के समय में बड़ा अन्याय कर रहा है l कंपनी ने 798 मजदूरों को हटा दिया था उसमें से 200 लोगों को रखा है। अब आनाकानी कर रहा है जबकि इस मुद्दे से मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया गया। इस मुद्दे को सरकार स्तर पर देखा जाना चाहिए। नगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि धनबाद नगर निगम के तर्ज पर चास नगर निगम के भी 5 साल के कार्यों की जांच होनी चाहिए l जांच के बाद पता चलेगा कि अपर नगर आयुक्त से लेकर सभी इस मामले में संलिप्त हैं। महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूनम भारती ने कहां की निजी विद्यालयों की मनमानी बढ़ गई है। सरकार के निर्देश के बावजूद कई प्रकार के शुल्क की वसूली की जा रही है। इस पर ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है l