ढुलू महतो समर्थकों के निशाने पर भारतीय मजदूर संघ, वरिष्ठ नेताओं से बीएमएस करेगा इसकी शिकायत
सिंदरी स्थित एसीसी सीमेंट कारखाना में पिछले दिनों की घटना के बाद एक बार फिर संघ के अनुषांगिक संगठन से भाजपा के नेता आमने सामने टकरा गए हैं। इस घटना के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अनुषंगी संगठन भारतीय मजदूर संघ फिर से ढुलू महतो समर्थकों के
जागरण संवाददाता, धनबाद : सिंदरी स्थित एसीसी सीमेंट कारखाना में पिछले दिनों की घटना के बाद एक बार फिर संघ के अनुषांगिक संगठन से भाजपा के नेता आमने सामने टकरा गए हैं। इस घटना के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अनुषंगी संगठन भारतीय मजदूर संघ फिर से ढुलू महतो समर्थकों के निशाने पर है। भारतीय मजदूर संघ इस घटना की शिकायत पार्टी व संघ के वरिष्ठ नेताओं से करने जा रहा है।
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री बिंदेश्वरी प्रसाद ने बताया कि एसीसी में संघ की चुनी हुई कमेटी गठित है। और वही वहां मजदूरों का प्रतिनिधि है। नियम के मुताबिक चुनाव में जिस मजदूर संगठन के प्रतिनिधि जीतेंगे उन्हीं से प्रबंधन वार्ता करेगी। उन्हें ही मजदूरों का प्रतिनिधि माना जाएगा। अन्य सभी संगठन इस बात को मान रहे हैं। टाइगर फोर्स जबरन बाहरी तत्वों के बल पर वहां कब्जा करना चाहता है। टाइगर फोर्स के आंदोलन से मजदूरों का कोई लेना देना नहीं है। दूसरी बात कि टाइगर फोर्स भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा संचालित है या उनका निजी संगठन है। जबकि यह पहले से तय है कि मजदूर क्षेत्र में संघ विचारधारा का भारतीय मजदूर संघ कार्य करेगा। भारतीय जनता पार्टी मजदूर संघ क्षेत्र में कोई संगठन नहीं बनाएगी। इतना ही नहीं अब तक भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का निधि संगठन भी नहीं होता रहा है। इन दिनों कोयलांचल में जो गतिविधियां हो रही है उसमें भाजपा के नेता भाजपा विचारधारा के संगठन पर ही हमला कर रहे हैं। पहले कतरास क्षेत्र में धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ के कार्यालय पर कब्जा और अब एसीसी की घटना। इसकी शिकायत भारतीय मजदूर संघ प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के भाजपा एवं संघ के पदाधिकारियों से करेगी।