Dhanbad: जनसंघ से भाजपा के विकास यात्रा के साथियों को सम्मानित करेगी बीजेपी
कभी 2 सीटों पर सिमट कर रहने वाली बीजेपी 25 अक्टूबर से कमल अभियान की शुरुआत करने जा रही हैं इस दौरान वह अपने उन साथियों को सम्मानित करेगी जिन्होंने जनसंघ से लेकर उसके भाजपा बनने तक के सफर में अनवरत अपना योगदान दिया है।
जागरण संवाददाता, धनबाद : कभी दो सीटों तक सिमट कर रहनेवाली भारतीय जनता पार्टी आगामी 25 अक्टूबर से कमल पुष्प अभियान की शुरूआत करने जा रही है। इस दौरान वह अपने उन साथियों का सम्मान करेगी, जिन्होंने जनसंघ से लेकर उसके भाजपा बनने तक के सफर में अनवरत अपना योगदान दिया।
इस क्रम में जिला भाजपा के पदाधिकारी उन कार्यकर्ताओं के घर घर जाकर उनको पुष्प गुच्छ तो देंगे ही, साथ ही प्रशस्तिपत्र और शाल देकर भी सम्मानित करेंगे।
इसकी जानकारी देते हुए जिला महानगर भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि इस आशय का प्रस्ताव बुधवार को हुई प्रदेश महामंत्री के साथ हुई बैठक के दौरान पेश किया गया। जिस पर प्रदेश महामंत्री ने अपनी सहमति जताते हुए इस तरह के आयोजन को समय समय पर करते रहने पर जोर दिया। सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा में हमारे वरिष्ठ जो जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा में रहे उनकी पूरी जीवनी को नरेंद्र मोदी एप के कमल पुष्प सेगमेंट में भी जोड़ा जाना है।
इसके लिए उन्होंने प्रत्येक दायित्ववान कार्यकर्ताओं को इस सेगमेंट में पांच वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की जीवनी को जोड़ने का अनुरोध किया। उनका मानना है कि ऐसा करने से पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता और तन मन से पार्टी की सेवा करने के लिए प्रेरित होंगे। हमारा यह प्रयास पहली नजर में भले ही छोटा सा दिखता है, लेकिन कालांतर में यह हमारे लिए बहुत ही उपयोगी साबित होनेवाला है।
सिंह ने यह भी बताया कि भाजपा की ग्रामीण जिला इकाई की जिलास्तरीय कार्यकारिणी का आयोजन आगामी 28 अक्टूबर को होना है। जबकि उसके अगले दिन महानगर स्तर की बैठक होनी है। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश मौजूद रहेंगे। इसके लिए जिला प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाना है। तीन दिवसीय16 सत्रों वाले इस प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय अधिकारी भी प्रवास करेंगे।
इस अवसर पर धनबाद जिला भाजपा ग्रामीण के प्रभारी मनोज बाजपेई जी ने कार्यकर्ताओं से प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का अध्यक्ष के रूप में इस प्रवास को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रयास करने का अनुरोध किया।