Jharkhand Assembly Election 2019 : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता का दावा- झारखंड में बनेगी पूर्ण बहुमत की सरकार
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री ने कहा कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लोगों को लाभ पहुंचा है।
धनबाद, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री ने दावा किया कि झारखंड में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य की सरकारों ने यहां जो विकास कार्य किए और आम लोगों के लिए जो योजनाएं बनी, उनसे राज्य के 68 लाख परिवार किसी न किसी रूप में लाभांवित हुए हैं। इसका असर इस बार के चुनाव में दिख रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब, दलित, शोषित, आदिवासी की सरकार है। रघुवर सरकार ने इनके लिए काफी कुछ किया है। रघुवर सरकार ने गरीबों के दर्द को समझा है। वे धनबाद में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान देश में बढ़ रहे दुष्कर्म की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि उन्नाव दुष्कर्म कांड में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार सख्त कदम उठा रही है।
विजय सोनकर शास्त्री ने कहा कि सरकार ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों पर नकेल कसा जा रहा है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए शास्त्री ने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का हक नहीं है। ये सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। शास्त्री ने कहा कि देश भर में बलात्कार की घटनाओं में वृद्धि चिंताजनक है। इस पर भी ध्यान देना होगा।