Move to Jagran APP

झारखंड के साइबर अपराधियों का वकालत करता भाजपा विधायक का वीडियो वायरल

झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री रणधीर सिंह को राज्य के साइबर अपराधियों पर गर्व है। सिंह भाजपा के विधायक हैं। वे सारठ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। कहा है-झारखंड के साइबर अपराधी दूसरे राज्यों के लोगों को बेवकूफ बना पैसा खींचते हैं। यह अच्छा है।

By MritunjayEdited By: Published: Tue, 19 Jan 2021 07:54 AM (IST)Updated: Tue, 19 Jan 2021 04:47 PM (IST)
झारखंड के साइबर अपराधियों का वकालत करता भाजपा विधायक का वीडियो वायरल
सारठ में एक कार्यक्रम के दाैरान बोलते भाजपा विधायक रणधीर सिंह।

देवघर, जेएनएन। देशभर की पुलिस झारखंड खासकर जामताड़ा और देवघर जिले के साइबर अपराधियों के पीछे पड़ी है। साइबर अपराध और साइबर अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की तरफ से अभियान चलाया जा रहा है। इन सबके इतर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक रणधीर सिंह को अपने राज्य के साइबर अपराधियों पर गर्व है। उन्होंने सार्वजनिक मंच से कहा है-अगर देश-विदेश का पैसा सारठ में खींचकर लाता है तो अच्छा है। हमारे यहां ( सारठ विधानसभा क्षेत्र) की जनता होशियार है। दूसरे राज्यों की जनता को बेवकूफ बना लेती है। इन्हें पुलिस परेशान नहीं करें। जिस दिन दिमाग गरम हो गया तो थाना घेर लेंगे। भाजपा विधायक के इस बिगड़े बोल पर वाला वीडियो वायरल होने पर हंगामा मच गया है। झारखंड पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है तो विरोधियों ने विधायक को निशाने पर लिया है। 

loksabha election banner

देश-विदेश का पैसा खींचकर सारठ लाते हैं तो अच्छा है

झारखंड के देवघर जिले के सारठ से भाजपा विधायक रणधीर सिंह अक्सर अपने बयानों के कारण चर्चा में बने रहते हैं। एक बार फिर उनका एक वीडियो वायरल हुआ है जिस कारण वे चर्चा में बने हुए हैं। इस वीडियो में वे परोक्ष रूप से साइबर आरोपितों का समर्थन करते दिख रहे हैं। वे कहते हैं हमारे यहां की जनता होशियार है तभी तो दूसरे देश या प्रदेश के लोगों को बेवकूफ बना लेती है।  वे सलाह देते हैं कि दूसरे प्रदेश की जनता को वहां की सरकार होशियार बनाए। हमारी जनता तो बिना ज्यादा पढ़े ही काफी होशियार है। तभी तो उन्हें कोई ठग नहीं पाता। इस बात पर कुछ ताली व सीटियां बजती हुई सुनाई देती है। वे आगे कहते हैं कि पुलिस इन गरीबों को हमेशा तंग करती है, इन्हें पकड़ लिया जाता है। उन्होंने कहा कि ज्यादा गरीब को तंग मत करो, जिस दिन दिमाग गरम होगा थाना घेर लेंगे। इस मामले में विधायक का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

ज्यादा पैसा नहीं उड़ाने की नसीहत भी दी

विधायक साइबर अपराधियों से ज्यादा शिकार होने वाले का दोष मानते हैं। उन्होंने कहा है-अगर कोई साइबर क्राइम करने वाला फोन करता है तो लोग क्यों उसे जानकारी देते हैं। लोग उनकी बातों में क्यों फंस जाते हैं। सारठ की जनता को कोई क्यों नहीं फंसा पाता है?  बीच में वे कहते हैं कि ज्यादा और कुछ नहीं कहेंगे। आप सभी मस्ती के मूड में हैं। इसलिए बीच में हम भी कुछ कॉमेडी कर दिए। ज्यादा मत मारना ( पैसा उड़ाना) क्योंकि ये अच्छी चीज नहीं है। इस धंधा के कारण वे भी परेशान हो जाते हैं। पुलिस पकड़ती  है और उन्हें छुड़वाना पड़ता है। इसी बीच एक व्यक्ति की आवाज सुनाई देती है और वह कहता है, हल्का फुल्का मारो। विधायक इस दौरान मुखिया पर भी कुछ कमेंट करते हैं। इसके आगे वे कहते हैं कि वे सच्चाई बोल रहे हैं। उनके क्षेत्र की जनता को कोई साइबर आरोपित अपना शिकार नहीं बना पाया। लेकिन बाहर का पैसा, दूसरे राज्यों का पैसा खींचकर यहां ला रहा है कोई तो अच्छा ही तो है। हमारी जनता को पकड़ने की जगह बेहतर होगा कि जिन लोगों को ठगा जा रहा है उन्हें होशियार बनाया जाए। 

विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ने सरकार से की कार्रवाई की मांग

पूर्व मंत्री रणधीर सिंह का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। झारखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता ने ट्वीट करते हुए कहा है कि सारठ विधायक रणधीर सिंह का खुलेआम कोयला और साइबर चोरों को संरक्षण। पुलिस प्रशासन की कार्रवाई अपेक्षित। इस विडियो को उन्होंने पीएमओ, मुख्यमंत्री, डीजीपी, डीसी, एसपी आदि को भी टृवीट किया है। मामला पदाधिकारियों के संज्ञान में भी हैं। इस बारे में पूछे जाने पर शशांक शेखर भोक्ता ने कहा-एक जनप्रतिनिधि जो माननीय हैं, उनके द्वारा इस प्रकार खुले मंच से अपराध को बढ़ावा देने के लिए अमर्यादित भाषण सभ्य समाज में अस्वीकार्य है। सरकार तथा प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।

पूर्व विधायक ने रणधीर के बयान को बताया शर्मनाक

सारठ के पूर्व विधायक चुन्ना सिंह ने कहा कि छणिक सुख के खातिर आम जनों को भड़काकर अपराध को बढ़ावा देना और लोगों को गलत कार्य के लिए उकसाना शर्मनाक है। साइबर काइम के कारण परिवार का परिवार तबाह हो रहा है। लोगों का दांपत्य जीवन बर्बाद हो रहा है। जब लोग जेल जाते हैं तो माननीय उन्हें क्यों नहीं बचाते हैं। सरकार व प्रशासन इस पर त्वरित कार्रवाई करें।

पुलिस ने लिया संज्ञान, विधायक की बढ़ सकती मुश्किलें

भाजपा विधायक रणधीर सिंह का वीडियो वायरल होन के बाद पुलिस ने गंभीरता से लिया है। झारखंड पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच में वीडियो में विधायक की ही आवाज पाई गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। दुमका रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक सुदर्शन मंडल ने कहा है- एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें विधायक रंधीर सिंह साइबर अपराधी के पक्ष में प्रोत्साहन दे रहे हैं। इसकी जांच की जा रही है। जांच में पता चला है कि नवम्बर माह में एक कार्यक्रम के दौरान का ये मामला है। इसकी विस्तृत जांच कराई जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.