विपक्ष के दुष्प्रचार का करें मुकाबला : सांसद
धनबाद : मिशन 2019 को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कार्यसमिति की बैठक हुई। बैठक में 2019
धनबाद : मिशन 2019 को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कार्यसमिति की बैठक हुई। बैठक में 2019 के चुनाव में जीत सुनिश्चित करने को हर बूथ कमेटी को सशक्त बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक का उद्घाटन करते हुए सांसद पीएन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के खिलाफ पूरा विपक्ष एकजुट हो गया है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है। खासकर चुनाव कार्य का दारोमदार युवा कार्यकर्ताओं पर ही है। वे विपक्ष के दुष्प्रचार का मुकाबला करें और जनता को वास्तविकता की जानकारी दें।
उन्होंने कहा कि लोगों को मोदी सरकार पर भरोसा है। यही कारण है कि सोमवार की बंदी को उन्होंने तवज्जो नहीं दी। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन तक पहुंचे व उन्हें विकास कार्यो की जानकारी देते हुए पार्टी से जोड़ें। धनबाद के विकास के लिए मोदी सरकार ने सिंदरी खाद कारखाना को पुनर्जीवित करने को 6000 करोड़ का पैकेज दिया। आइएसएम को आइआइटी बनाया, हर तरफ सड़कों का चौड़ीकरण हो रहा है। राज्य सरकार ने बिनोद बिहारी महतो विश्वविद्यालय की स्थापना की। बावजूद ये कार्य विपक्ष को नजर नहीं आती लेकिन हमें जनता को यह सब बताना होगा।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि वन बूथ टेन यूथ के फार्मूला को युवा मोर्चा सख्ती से लागू करे। केंद्र व राज्य सरकार की नीतियां आम लोगों को और पार्टी के सिद्धांत कार्यकर्ताओं को बताए। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा जिस मुस्तैदी से काम कर रही है हमें उम्मीद है कि हम लक्ष्य से बेहतर कर दिखाएंगे। जियाडा के स्वतंत्र निदेशक सत्येंद्र कुमार ने कहा कि ज्वलंत समस्याओं को लेकर सांसद संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें इस बार भी जरूर जीत मिलेगी इसके प्रति हम आश्वस्त हैं।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार ने पंचायत व वार्ड स्तर पर 11 कार्यकर्ताओं की टोली बनाने की बात कही जो आम लोगों के बीच केंद्र व राज्य की योजनाओं को रखेगी। बैठक की अध्यक्षता अमलेश सिंह ने की। संचालन तमाल राय ने किया। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, प्रदेश मंत्री प्रो. सरिता श्रीवास्तव, राज श्रीवास्तव, संजीव अग्रवाल, धरनीधर मंडल, रामदेव महतो, रुपेश सिन्हा, नितिन भंट्ट, मोहन कुंभकार, राणा सिंह आदि थे।