भाजपा नेतापुत्र ने दी महिला पुलिस अधिकारी को गोली मारने की धमकी
धनबाद : धनबाद जिला भाजपा के मनईटाड़ मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह के बेटे पर महिला पुलिस अधिकारी मम
धनबाद : धनबाद जिला भाजपा के मनईटाड़ मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह के बेटे पर महिला पुलिस अधिकारी ममता कुमारी को गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। महिला पुलिस अधिकारी ने इसकी लिखित शिकायत वरीय पुलिस अधिकारियों से की है। जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को सरायढेला थाना क्षेत्र में वाहन जाच के दौरान नेतापुत्र रवि सिंह और भतीजा सूरज सिंह महिला पुलिस अधिकारी ममता कुमारी से उलझ गये। पुलिस ने जब उसकी बाइक जेएच 10 बीसी 5522 को अपने कब्जे में ले लिया तब नेतापुत्र ने पुलिस अधिकारी को ही गोली मारने की धमकी दे डाली। इससे वाहन जाच में लगे सभी पुलिसकर्मी सकते में आ गए। पीड़ित महिला अधिकारी ममता कुमारी ने तुरंत इसकी जानकारी डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर मुकेश कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारियों को दी। डीएसपी मुकेश कुमार खुद सरायढेला थाना पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। पीड़ित महिला अधिकारी ने बताया कि वाहन जाच के दौरान जब उक्त युवक को रोका गया तो वह आग बबूला हो गया और अपने रसूख की बात करने लगा। उसने बुरे परिणाम भुगतने और गोली तक मार देने की धमकी दे डाली। पीड़ित महिला अधिकारी ममता कुमारी ने बताया कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत सरायढेला थाने में दर्ज करवाई है। पुलिस ने नेता पुत्र एवं भतीजे को हिरासत में ले लिया है ।
-----------------
थाने में भाजपा नेताओं का जुटान
सरायढेला थाने में भाजपा नेता दिलीप सिंह के पुत्र को हिरासत में लेने के बाद भाजपा के कई नेता व कार्यकर्ता सरायढेला थाना पहुंचे। भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, सासद प्रतिनिधि नितिन भट्ट, सहित कई नेताओं ने पीड़ित महिला अधिकारी ममता कुमारी से मिलकर अपनी शिकायत वापस लेने का आग्रह किया। ममता कुमारी ने अपनी शिकायत वापस लेने से इन्कार करते हुए कहा कि वह त्यागपत्र दे देंगी लेकिन किसी के दबाव में समझौता नहीं करेंगी। उन्होंने बताया कि वह इस घटना से आहत हैं।