कमेटी में पद की चाहत ने भाजपा में शुरू कराई टांग खिंचाई का खेल
धनबाद भाजपा महानगर कमेटी के लिए हो रहा विवाद सुलझा नहीं और ग्रामीण कमेटी में भी पद की चाहत ने एक दूसरे की टांग खिंचाई का खेल शुरू हो गया है।
धनबाद : भाजपा महानगर कमेटी के लिए हो रहा विवाद सुलझा नहीं और ग्रामीण कमेटी में भी पद की चाहत ने एक दूसरे की टांग खिंचाई का खेल शुरू हो गया है। प्रदेश कमेटी ने जिलाध्यक्षों का चयन किया। पदाधिकारियों की सूची चली गई। घोषणा अभी नहीं हुई। मंच-मोर्चा व कार्यसमिति सदस्यों का चयन जिलाध्यक्ष को करना है। ऐसे में दावेदारों ने एक दूसरे की टांग खींचने का भी काम शुरू कर दिया।
एक-दूसरे की छवि बिगाड़ने व विवादों को हवा देने का भी चलन शुरू हो गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष हरिशंकर साव भी ऐसे आरोप जड़ रहे हैं। दरअसल साव पर कोयला चोरी का मामला बरवाअड्डा थाना में दर्ज हुआ है। साव ने एसएसपी को पत्र लिख कहा कि कोयला चोरी से कोई लेनादेना नहीं हैं। थाना प्रभारी से उन्होंने पूछा तो बताया गया कि सूत्रों से जानकारी मिली थी कि छापेमारी में मिला कोयला उनका है। सो मामला दर्ज किया गया। वे भाजयुमो के ग्रामीण जिला अध्यक्ष बनने की दौड़ में हैं। उनके प्रतिद्वंद्वियों ने फंसाया है। ताकि दौड़ से बाहर हो जाएं। कुछ ऐसे ही आरोप भूली के सत्येंद्र ओझा ने लगाए। वे कहते हैं कि 1990 से पार्टी कार्यकर्ता हैं। पार्टी विरोधी जो बयानबाजी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है उनमें उन्हें कुछ लोगों ने टैग किया। इससे उन पर बयानबाजी का आरोप लगा। जबकि उन्होंने स्वयं कोई टिप्पणी नहीं की है। फूलचंद समर्थकों की वापसी का विरोध
संस, बरवाअड्डा : विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी काम के लिए भाजपा से निष्कासित फूलचंद मंडल समर्थकों की भाजपा में वापसी के प्रयास का मौजूदा कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। बरवाअड्डा मंडल की एक बैठक में महेश महतो व अन्य वक्ताओं ने कहा कि पार्टी ने फूलचंद मंडल समर्थक मोहन कुंभकार, शैलेन मंडल, विश्वनाथ पाल समेत कई लोगों को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किया है। इनको पुन: शामिल किया जाता है तो उचित नहीं होगा। बैठक में फनीभूषण मंडल, खेमनारायण सिंह, गुड्डू चौधरी, मदन प्रसाद साव, सुजीत रवानी, अरुण राजवंशी, अशोक मंडल, यूपी पांडेय, शंकर महतो, राजकिशोर महतो, वरुण दास, गौतम कुमार पांडेय आदि थे।