बाबूलाल मरांडी के लिए सदन के बाद सड़क पर उतरी भाजपा, हेमंत सरकार का फूंका पुतला Dhanbad News
बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष नहीं बनाए जाने के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर हेमंत सोरेन सरकार का पुतला दहन किया।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड विधानसभा चुनाव-2019 में हार के बाद हताश बैठे भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं को विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने खुद के अंदर जोश भरने का माैका दे दिया है। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष का मान्यता नहीं दिए जाने के विरोध में भाजपा के विधायक विधानसभा के अंदर जोरदार विरोध कर रहे थे। अब भाजपा के नेता-कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर भी विरोध करने लगे हैं।
बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष नहीं बनाए जाने के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर हेमंत सोरेन सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि यह सरकार जब से बनी है, संविधान की धज्जी उड़ा रही है। पहले पाबंदी के बावजूद जुलूस निकालने वालों पर हुई कार्रवाई वापस ली गई। पूर्व की सरकार के कई नियमों को बदला और अब बदले की भावना से बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष नहीं बनने दे रही। विधानसभा अध्यक्ष भी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। बाबूलाल मरांडी ने तय नियमों के अनुसार अपनी पार्टी का भाजपा में विलय कराया। इस विलय को चुनाव आयोग ने भी मान्यता दे दी। बावजूद इसके उन्हें नेता प्रतिपक्ष घोषित नहीं किया जाना संविधान का मखौल उड़ाना है। अगर सरकार जल्द उन्हें नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मान्यता नहीं देती तो हम चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। पुतला दहन में नितिन भट्ट, संजय झा, मानस प्रसून, मुकेश पांडे, रमेश राही, ज्ञान रंजन सिन्हा, योगेंद्र यादव, मिल्टन पार्थसारथी आदि थे