CISF की ट्रेनिंग से 'प्रहरी' बनेंगे BCCL के सरप्लस कर्मी, सीएमडी ने दी समायोजन योजना को मंजूरी
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने कंपनी में मौजूद 5596 सरप्लस कर्मियों के बेहतर उपयोग के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
बीसीसीएल ने 5596 सरप्लस कर्मियों के लिए रोडमैप बनाया।
कर्मियों को प्रहरी, गेस्ट हाउस, बागवानी में समायोजित किया जाएगा।
सीआईएसएफ द्वारा प्रहरी के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आशीष अंबष्ठ, धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने कंपनी में सरप्लस मैनपावर के बेहतर उपयोग को लेकर रोडमैप तैयार किया है। कंपनी में वर्तमान में 5596 मैनपावर सरप्लस है।
इन कर्मियों की योग्यता और कार्यक्षमता के अनुरूप उन्हें विभिन्न कार्यों में समायोजित करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत बड़ी संख्या में कर्मियों को प्रहरी के रूप में तैनात किया जाएगा।
वहीं, अन्य कर्मियों को गेस्ट हाउस, बागवानी और कंपनी में आउटसोर्स के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों में समायोजित करने की तैयारी है।
योजना के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1773 कर्मी सेवानिवृत्त होंगे। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2027-28 में 1896 कर्मी सेवानिवृत्त होंगे।
इस तरह दो वित्तीय वर्षों में कुल 3669 कर्मियों की सेवानिवृत्ति प्रस्तावित है। शेष सरप्लस मैनपावर का उपयोग कंपनी की जरूरतों और कर्मियों की योग्यता के आधार पर किया जाएगा।
सीआईएसएफ देगी प्रहरी के रूप में काम करने की ट्रेनिंग
बीसीसीएल की योजना के तहत प्रहरी के रूप में तैनात किए जाने वाले कर्मियों को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) की ओर से विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद उन्हें संबंधित एरिया में ही प्रहरी के रूप में योगदान देने का अवसर मिलेगा, ताकि स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
एरिया स्तर पर तैनात प्रहरियों की अलग पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अलग-अलग रंग के हेलमेट, सुरक्षा किट और विशेष यूनिफार्म उपलब्ध कराने की भी योजना है।
आउटसोर्स कार्यों में भी होगा समायोजन
प्रहरी के अलावा सरप्लस कर्मियों को गेस्ट हाउस के संचालन, बागवानी और कंपनी में फिलहाल आउटसोर्स के जरिए कराए जा रहे दूसरे कार्यों में भी समायोजित किया जाएगा।
इससे स्थायी कर्मियों की उपलब्धता का बेहतर उपयोग हो सकेगा और कंपनी की जरूरतों के अनुरूप मानव संसाधन का प्रबंधन किया जा सकेगा। महिला कर्मियों को आया के रूप में कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करने की भी योजना है।
सीएमडी की अध्यक्षता में बनी सहमति
सरप्लस मैनपावर के उपयोग को लेकर बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में विशेष विचार-विमर्श किया गया।
इसके बाद प्रस्तावित व्यवस्था को अनुमति दी गई। योजना का उद्देश्य उपलब्ध मानव संसाधन का प्रभावी उपयोग करना और कंपनी के विभिन्न कार्यों में स्थायी कर्मियों की भागीदारी बढ़ाना है।
यह भी पढ़ें- SAIL में प्रशासनिक फेरबदल, ईडी और जीएम समेत 14 अधिकारियों का तबादला
बीसीसीएल सरप्लस मैनपावर का उपयोग कंपनी की जरूरतों और कर्मियों की योग्यता के अनुरूप करेगा। कर्मियों को प्रशिक्षण देकर प्रहरी सहित विभिन्न कार्यों में समायोजित करने की योजना है।
मनोज कुमार अग्रवाल, सीएमडी बीसीसीएल
