BCCL CMD को जान से मारने की धमकी: जांच तेज, बरोरा एरिया जीएम से पुलिस ने ली जानकारी
Coal India News: बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल को मिली जान से मारने की धमकी के मामले में सरायढेला पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

BCCL CMD के आवास के सामने सुरक्षा में खड़ी सरायढेला थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी। (फोटो जागरण)
HighLights
बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल को जान से मारने की धमकी।
सरायढेला पुलिस ने बरोरा जीएम केके सिंह से पूछताछ की।
सीआईएसएफ जवान ने सबसे पहले धमकी की सूचना दी थी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल को मिली जान मारने की धमकी मामले में सरायढेला थाना की पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। शनिवार को इस मामले में बीसीसीएल के बरोरा एरिया महाप्रबंधक केके सिंह से घटना को लेकर पुलिस ने जानकारी ली।
महाप्रबंधक सिंह सरायढेला थाना पहुंचे थे और घटना को लेकर सारी जानकारी पुलिस को दी। हालांकि अभी इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
सीआइएसएफ जवान ने सबसे पहले महाप्रबंधक को दी थी सूचना
12 अगस्त 2025 की रात करीब 9:20 बजे धनबाद रेलवे स्टेशन से कोयला भवन की ओर जा रहे एक टेम्पो में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक जवान ने रणधीर वर्मा चौक के पास से सवार हुए दो लोगों की बातचीत सुनी थी। जिसमें बीसीसीएल सीएमडी को 27 तक साफ कर देने और इसके लिए पांच पेटी का इंतजाम करने को कहा गया था।
यह भी पढ़ें- धनबाद में कोयला माफिया-पुलिस गठजोड़ पर बाबूलाल मरांडी का तीखा हमला, बीसीसीएल सीएमडी भी नहीं सुरक्षित
टेम्पो से उतरने के बाद सीआइएसएफ जवान ने सबसे पहले बरोरा महाप्रबंधक केके सिंह को इस मामले की जानकारी दी। महाप्रबंधक सिंह से मिली सूचना पर महाप्रबंधक (सुरक्षा) मो. हफीजूल कुरेशी ने सरायढेला थाना में एफआइआर कराया था। इसी मामले को लेकर पुलिस ने जीएम सिंह से जानकारी ली।
अवैध कोयला कारोबारियों के खिलाफ सीएमडी ने चला रखा अभियान
सीएमडी को धमकी देने का यह मामला तब आया जब उन्होंने कोयला का अवैध खनन, परिवहन और रंदारी वसूलने वालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया था। इस दौरान व्यापक पैमाने पर अवैध कोयला और ट्रकों को जब्त किया गया था।
