BCCL में संडे ड्यूटी पर कैंची की तैयारी, 80-100 करोड़ रुपये खर्च बचाने की कवायद; श्रमिकों पर पड़ेगा असर
बीसीसीएल अपनी आंतरिक रिपोर्ट के आधार पर संडे ड्यूटी में कटौती कर 80-100 करोड़ रुपये बचाने की तैयारी में है। कुछ क्षेत्रों में संडे ड्यूटी की बुकिंग और वास्तविक कार्यस्थल में अंतर की शिकायतें सामने आई हैं, जिसकी समीक्षा की जा रही है।

बीसीसीएल की परियोजना का निरीक्षण करते सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल। (फोटो साैजन्य)
HighLights
बीसीसीएल संडे ड्यूटी में कटौती कर 100 करोड़ बचाएगा।
आंतरिक रिपोर्ट में कर्मचारियों की कम उपयोगिता उजागर हुई।
संडे ड्यूटी बुकिंग और कार्यस्थल में अंतर की शिकायतें।
जागरण संवाददाता, धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में संडे ड्यूटी में कटौती कर कंपनी के खर्च को कम करने की तैयारी चल रही है। कंपनी की आंतरिक रिपोर्ट में विभागीय स्तर पर कर्मचारियों की अपेक्षित उपयोगिता नहीं होने का उल्लेख किया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर संडे ड्यूटी की व्यवस्था की समीक्षा कर कंपनी करीब 80 से 100 करोड़ रुपये की बचत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
कंपनी प्रबंधन की ओर से सभी क्षेत्रों में संडे ड्यूटी की उपयोगिता और आवश्यकता को लेकर गंभीरता दिखाई जा रही है। इसका असर श्रमिकों पर भी पड़ने लगा है। प्रबंधन का जोर इस बात पर है कि जिन विभागों और कार्यस्थलों पर रविवार को वास्तव में काम की जरूरत है, वहीं आवश्यकतानुसार ड्यूटी लगाई जाए।
काम कहीं और, संडे बुकिंग कहीं और होने का आरोप
इधर, सीवी एरिया सहित अन्य कुछ एरिया क्षेत्रों में संडे ड्यूटी की बुकिंग और वास्तविक कार्यस्थल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कुछ श्रमिक संगठन से जुड़े पदाधिकारी या कर्मचारी एक स्थान पर कार्य करते हैं, जबकि उनकी संडे ड्यूटी की बुकिंग किसी दूसरे स्थान पर की जाती है।
सीवी एरिया, कुसुंडा, लोदना और बस्ताकोला क्षेत्र समेत कई कोलियरियों में इस तरह की शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है।
यदि इन शिकायतों की स्वतंत्र और गोपनीय जांच कराई जाती है, तो संडे ड्यूटी की बुकिंग और वास्तविक उपस्थिति के बीच अंतर की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। ऐसे मामलों में संबंधित रिकॉर्ड, ड्यूटी बुकिंग और कार्यस्थल पर उपस्थिति की जांच महत्वपूर्ण होगी।
लिपिकों की संडे ड्यूटी भी जांच के दायरे में
संडे ड्यूटी को लेकर कुछ लिपिकों की हाजिरी और उनके कार्य की प्रकृति पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर रविवार को छुट्टी बुकिंग जैसे कार्यालयी कार्यों के लिए लिपिकों की ड्यूटी लगाई जाती है। ऐसे मामलों में यह देखना जरूरी होगा कि संबंधित कार्य के लिए वास्तव में रविवार को ड्यूटी की आवश्यकता थी या नहीं।
श्रमिक संगठनों को भी करनी होगी समीक्षा
संडे ड्यूटी में कटौती का सीधा असर श्रमिकों की आय पर पड़ सकता है। ऐसे में श्रमिक संगठनों के लिए भी यह जरूरी हो जाता है कि वे वास्तविक कार्य की जरूरत, ड्यूटी बुकिंग और कर्मचारियों की उपस्थिति की व्यवस्था की समीक्षा करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।