मूर्ति विसर्जन को लेकर सिंह नगर में दो गुटों के बीच मारपीट, पिस्तौल चमकाया
झरिया/धनसार झरिया थाना अंतर्गत सिंह नगर तालाब के समीप मूर्ति विसर्जन को लेकर शनिवार की श्
झरिया/धनसार : झरिया थाना अंतर्गत सिंह नगर तालाब के समीप मूर्ति विसर्जन को लेकर शनिवार की शाम रामबाबू धिक्कार व धनंजय यादव के गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान खूब लाठी, डंडा, तलवार चले। दोनों तरफ से आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। जानकारी मिलने के बाद झरिया थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। जख्मियों को झरिया के नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जख्मी निरंजन कुमार, विक्की कुमार, मो. हनीफ, धनंजय यादव, सागर कुमार, कृष्णा कुमार को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। जख्मी निरंजन ने बताया कि एकता क्लब में छठ पूजा को लेकर सूर्य देव की प्रतिमा स्थापित की गई थी। शनिवार को क्लब के सदस्य सिंह नगर तालाब में मूर्ति विसर्जन करने जा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्षों के रामबाबू धिक्कार, श्यामबाबू धिक्कार, कैलाश धिक्कार, सुमित कुमार, कल्लू धिक्कार व अन्य युवक किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने लाठी, डंडा, तलवार से हमला कर दिया। एक युवक ने पिस्तौल चमकाया। किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दूसरे गुट के युवक भाग गए। रामबाबू ने बताया कि घर में छठ पर्व करने के बाद कई महिलाएं पूजा सामान का विसर्जन करने गई थी। इसी दौरान धनंजय व अन्य युवक अश्लील फब्तियां कसने लगे। मना करने के बाद भी युवक नहीं माने। महिलाओं ने घटना की जानकारी दी। तालाब पहुंचकर युवकों का विरोध किया तो सभी युवक मारपीट करने लगे। मालूम हो कि इसके पूर्व भी दोनों गुटों में आपसी रंजिश को लेकर मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे के खिलाफ झरिया थाना में शिकायत की है। पुलिस छानबीन में जुटी है। दो वर्ष पूर्व सिंह नगर मोटिया 10 नंबर पट्टी में धनंजय के घर में बम से हमला किया गया था। इसमें धनंजय ने रामबाबू व श्यामबाबू के खिलाफ झरिया थाना में मामला दर्ज कराया था। दोनों जेल भी गए थे।