विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद के बरवाअड्डा सब्जी मंडी में शरारती तत्वों ने लगाई आग, दर्जनों दुकानें जलकर राख

By Anand PathakEdited By: Piyush Pandey
Published: Sat, 03 Oct 2026 11:50 PM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2026 11:55 PM (IST)

धनबाद के बरवाअड्डा स्थित सब्जी मंडी में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे दर्जनों दुकानें जलकर खाक हो गईं।

सब्जी मंडी में लगी आग। (जागरण)

सब्जी मंडी में लगी आग। (जागरण)

HighLights

  1. बरवाअड्डा सब्जी मंडी में देर रात लगी भीषण आग।

  2. आग से दर्जनों दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हुईं।

  3. असामाजिक तत्वों पर आग लगाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।

आनंद पाठक, बरवाअड्डा (धनबाद)। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंदाकिनी उच्च विद्यालय के समीप स्थित सब्जी मंडी में शनिवार देर रात असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी।

अगलगी में एक दर्जन से अधिक सब्जी विक्रेताओं की झोपड़ियां और उनमें रखी हजारों रुपये मूल्य की सब्जियां पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गईं।

जानकारी के अनुसार शनिवार की रात सब्जी विक्रेता अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। सब्जी विक्रेताओं के घर जाने के बाद  असामाजिक तत्वों ने सब्जी मंडी की झोपड़ियों में आग लगा दी।  

fire news

सूखी झोपड़ियां होने के कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं और देखते ही देखते मंडी का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पास के खाली मैदान में असामाजिक तत्व और नशेड़ी रात में जमावड़ा लगाते हैं।

दुकानदारों का आरोप है कि ये शरारती तत्व हर साल इस तरह की घटना को अंजाम देते हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कई दुकानदारों का दर्द है कि स्थानीय पुलिस की नियमित गश्त नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा रहता है।

उधर घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार दल बल के पहुंचे और और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुँची दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे आसपास की अन्य दुकानें और क्षेत्र चपेट में आने से बच गए। पुलिस मामले की जाँच कर दोषियों की पहचान करने में जुट गई है।

यह भी पढ़ें- शराब के नशे में शताब्दी एक्सप्रेस में हंगामा, धनबाद में उतारा गया पुलिस जवान; थैले से मिलीं 5 बोतलें