विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अवैध कोयला खनन के खिलाफ बरोरा में ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन, भू-धंसान का खतरा

By Prabir Kumar Roy Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Mon, 13 Apr 2026 05:47 PM (IST)

Dhanbad News:अवैध कोयला खनन और भू-धंसान के खतरे से चिंतित बरोरा बस्ती के ग्रामीणों ने सोमवार को मुराईडीह परियोजना का ...और पढ़ें

बरोरा में कोयले के अवैध खनन का विरोध करते ग्रामीण।

बरोरा में कोयले के अवैध खनन का विरोध करते ग्रामीण।

संवाद सहयोगी, जागरण, बरोरा (धनबाद)। अवैध कोयला खनन के कारण आसपास हो रही भू-धंसान की घटनाओं से चिंतित बरोरा बस्ती के ग्रामीण सोमवार को आंदोलन पर उतर आए। बरोरा बस्ती और मंडल केंदुआडीह के ग्रामीणों ने मुराईडीह परियोजना का कार्य ठप कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध जताया।

ग्रामीणों का आरोप है कि मुराईडीह प्रबंधन की लापरवाही के कारण बरोरा बस्ती से सटे बंद खदानों में अवैध रूप से बड़े पैमाने पर कोयला खनन किया जा रहा है। जिससे इलाके में भू-धंसान का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बस्ती के लोगों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। जिससे जान-माल की भारी क्षति हो सकती है। ग्रामीणों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा खुले पड़े अवैध मुहानों को बंद करने की मांग किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बरोरा क्षेत्रीय प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की।

बरोरा क्षेत्र के जीएम केके सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सभी खुले अवैध मुहानों को ओबी (ओवर बर्डन) डाल कर बंद कर दिया जाएगा। प्रबंधन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए मुहानों को बंद करने का कार्य शुरू कर दिया गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।

मालूम हो कि हाल ही में टंडाबारी बस्ती में अवैध कोयला खनन के कारण भू-धंसान की घटना हुई थी। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा भी क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध खनन के चलते भू-धंसान की घटनाएं सामने आ चुकी है। जिससे लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।

आंदोलन में देवनंद साव, विनोद साव, धनंजय महतो, बीरेंद्र महतो, सीताराम महतो, गणेश महतो, संतोष महतो, मनोज महतो, भागीरथ महतो, जयप्रकाश साव, विजय साव, विकास साव, पंकज महतो, सुखदेव साव, छोटन बिसियार आदि शामिल थे।