झरिया कोयलांचल में बकरीद की धूम
झरिया कोयलांचल में बकरीद की धूम
जासं, झरिया : झरिया कोयलांचल में सोमवार को बकरीद का त्योहार शांति पूर्वक धूमधाम से मनाया गया। शहर व इसके आसपास के मस्जिदों व ईदगाहों में सुबह को ईद-ए-अजहा की नमाज अदा की गई। नूरी मस्जिद ऊपर कुल्ही में इमाम फजलुर्रहमान ने नमाज अदा कराई। मुल्क में अमन-चैन व भाईचारे का संदेश दिया। इसके अलावा आमलापाड़ा जामा मस्जिद, नीचे कुल्ही रजा मस्जिद, ईदगाह ऊपर कुल्ही आदि क्षेत्र में नमाज अदा की गई। शमशेर नगर बालू बंकर मैदान में मौलाना इसरार अहमद कादरी ने सामूहिक रूप से लोगों को ईद-ए-अजहा की नमाज अदा कराई। अपने पैगाम में आपसी भाईचारे पर जोर दिया। नमाज के बाद सुन्नते-ए इब्राहिमी की अदायगी की गई। नये-नये कपड़े पहनकर नमाज अदा करने आये लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर बकरीद की बधाई दी। त्योहार को लेकर झरिया पुलिस मस्जिद व ईदगाह के पास विधि-व्यवस्था के लिए तैनात थी।
..
जामाडोबा : जोड़ापोखर क्षेत्र में बकरीद के अवसर पर क्षेत्र के मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज अदा की गई। डिगवाडीह मस्जिद में जगह कम होने के कारण हर वर्ष झरिया-सिदरी मुख्य मार्ग पर नमाज अदा की जाती थी। लेकिन इस वर्ष नमाजियों ने भाईचारा का परिचय देते हुए अंतिम सोमवारी के दिन कांवरियों व श्रद्धालुओं के लिए आधी सड़क छोड़कर नमाज अदा की। बरारी, फुसबंगला, जामाडोबा, शालीमार आदि मस्जिदों व ईदगाहों में भी नमाज अदा कर लोगों ने एक दूसरे को त्योहार की बधाई दी। इस अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाने के लिए सिदरी के डीएसपी पीके केशरी, थाना प्रभारी सत्यम कुमार पुलिस के साथ मौजूद थे।
..
चासनाला : बकरीद के अवसर पर पाथरडीह लोको बा•ार ईदगाह मुहल्ला, जामा मस्जिद ट्रैफिक कालोनी चासनाला, चासनाला साउथ कालोनी, सुदामडीह रिवर साइड, हाटतल्ला, सुदामडीह मेन कालोनी स्थित मस्जिदों मे नमाज अदा की गई। इमाम ने मस्जिदों में समय के अनुसार नमाज अदा कराई। लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर बकरीद की बधाई दी। विधि-व्यवस्था के लिए पाथरडीह व सुदामडीह पुलिस मस्जिदों व ईदगाहों के पास मुस्तैद थी। मौके पर जामा मस्जिद ट्रैफिक कॉलोनी के सदर गुलाम कादिर खान, •ाुबैर खान, मोजाहिर, जमाल हैदर खान, मो. खुर्शीद, इस्लाम खान आदि थे।