Move to Jagran APP

Jharkhand: नेता प्रतिपक्ष बने बाबूलाल की BJP संगठन पर भी पकड़ हुई मजबूत, नए प्रदेश अध्यक्ष उन्हीं के पसंद के

मरांडी के खास नजदीकी लोगों में दीपक प्रकाश रवींद्र राय प्रवीण सिंह राकेश प्रसाद और विष्णु भैया शुमार थे। ये पांच पांडव के नाम से चर्चित थे।

By MritunjayEdited By: Published: Wed, 26 Feb 2020 08:02 AM (IST)Updated: Wed, 26 Feb 2020 01:44 PM (IST)
Jharkhand: नेता प्रतिपक्ष बने बाबूलाल की BJP संगठन पर भी पकड़ हुई मजबूत, नए प्रदेश अध्यक्ष उन्हीं के पसंद के

धनबाद, जेएनएन। दीप प्रकाश के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब झारखंड भाजपा पूरी तरह बाबूलाल मरांडी के हवाले हो गई है। प्रकाश के प्रदेश अध्यक्ष बनने से भाजपा संगठन पर भी मरांडी की पकड़ मजबूत हो गई है।वे ही झारखंड में भाजपा के नीति-नियंता और चेहरा होंगे। चाहे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास हों या पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सबको मरांडी के नेतृत्व में ही पांच साल तक हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ संर्घष करना होगा। 2024 के विधानसभा चुनाव में अगर भाजपा को बहुमत मिला तो मरांडी ही मुख्यमंत्री बनेंगे। 

loksabha election banner

भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेता दीपक प्रकाश को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दीपक प्रकाश को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की घोषणा की और इसके साथ ही लंबे समय से चला आ रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। वर्तमान अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने विधानसभा चुनाव के बाद ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था बनने तक प्रभार में रहने को कहा गया था। एक दिन पहले ही 24 फरवरी को भाजपा ने बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना है और अब उनके करीबी रहे दीपक प्रकाश अध्यक्ष बन गए हैं। दीपक प्रकाश ने 2006 में बाबूलाल मरांडी के साथ ही भाजपा छोड़ी थी लेकिन 2009 में वे वापस भाजपा में आ गए तबसे पार्टी के विभिन्न पदों पर उन्होंने अपनी सेवा दी है।

बाबूलाल मरांडी 17 फरवरी को भाजपा में शामिल हुए थे। रांची में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में मरांडी ने अपनी पार्टी-झारखंड विकास मोर्चा को भाजपा में विलय करने की घोषणा की। इसके बाद मरांडी को विधायक दल का नेता बनाया गया। अब उनके करीब दीपक प्रकाश को झारखंड भाजपा अध्यक्ष बनाया गया है। 15 नवंबर, 2000 को झारखंड राज्य बनने के बाद भाजपा ने बाबूलाल मरांडी को झारखंड का पहला मुख्यमंत्री बनाया था। मरांडी 2000 से 2003 तक मुख्यमंत्री रहे। इस दाैरान मरांडी के खास नजदीकी लोगों में दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, प्रवीण सिंह, राकेश प्रसाद और विष्णु भैया शुमार थे। ये पांच पांडव के नाम से चर्चित थे। मरांडी ने भाजपा छोड़ी तो उनके साथ दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, प्रवीण सिंह और विष्णु भैया हो लिए थे। हालांकि बाद में प्रवीण सिंह को सबकी धीरे-धीरे घर वापसी हुई। 

झारखंड भाजपा की राजनीति में कोयलांचल का दबदबा बढ़ने से यहां के भाजपाई खुश हैं। बाबूलाल मरांडी कोयलांचल के गिरिडीह से ही आते हैं। उनके पंसद के दीपक प्रकाश के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को सिंदरी के भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो, धनबाद जिला भाजपा के महामंत्री संजय झा, जियाडा के स्वतंत्र निदेश सत्येंद्र कुमार, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने दीपक प्रकाश से मुलाकात कर बधाई दी। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.