सुखी निवास में कई बार ठहर चुके थे अटलजी
गोविंदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गोविंदपुर आना-जाना लगा रहता था। यहा से उनक
गोविंदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गोविंदपुर आना-जाना लगा रहता था। यहा से उनका काफी लगाव रहा है। जनसंघ एवं भाजपा के शुरुआती दिनों में पार्टी की मजबूती के लिए वे गोविंदपुर होकर ही बिहार एवं झारखंड के कई जिलों में जाते थे। पूर्व मंत्री स्वर्गीय सत्यनारायण दुदानी उन्हें अपना वाहन उपलब्ध कराते थे। पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी यहा सुखी निवास एवं अशोक भवन में कई दिनों तक ठहर चुके हैं। दिल्ली से धनबाद स्टेशन आने के बाद उनका पड़ाव अशोक भवन भुईफोड़ या सुखी निवास गोविंदपुर ही होता था। यहा विश्राम के बाद वह बाका, भागलपुर जमशेदपुर एवं राची आदि क्षेत्रों में जाते थे।
स्वर्गीय दुदानी जनसंघ के संस्थापक सदस्य थे। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी एवं डॉ. मुरली मनोहर जोशी समेत दिग्गज नेताओं से उनकी काफी घनिष्ठता थी।
1988 में भाजपा के देश भर के विधायकों-सांसदों की विशेष बैठक राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर धनबाद में हुई थी। गोल्फ ग्राउंड में जन सभा का आयोजन हुआ था। उसमें अटल-आडवाणी पधारे थे। इस दौरान वे डॉ. पीएन गुटगुटिया के यहा तीन दिनों तक ठहरे थे। उनकी सेवा व्यवस्था के लिए पूर्व मंत्री स्व. सत्यनारायण दुदानी के बड़े पुत्र शरत दुदानी को लगाया गया था। श्री दुदानी ही अपनी चारपहिया वाहन हिन्दुस्तान मोटर्स के कांटेसा में अटल जी को बैठाकर राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर एवं गोल्फ ग्राउंड ले गये थे। इसी दौरान वे अपने वाहन अटल जी को सिंदरी भी ले गये थे।